जशपुर: मामूली विवाद में पिता ने की बेटी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दुखद घटना सामने आई है। नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जामटोली में एक पिता ने मामूली विवाद के बाद अपनी ही बेटी पर टांगी से हमला कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका बिंदिया लकड़ा (23 वर्ष) आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर कार्यरत थी। वह अपने घर के पास नया मकान बनवाने की तैयारी कर रही थी। 18 फरवरी को मकान निर्माण के लिए ईंट, गिट्टी और पैसों के लेनदेन को लेकर उसका अपने पिता लौरेस लकड़ा (47 वर्ष) से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आवेश में आकर पिता ने घर में रखी टांगी के पिछले हिस्से से बेटी के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण बिंदिया की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी पिता ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
