जशपुर को मिली 1.35 करोड़ के सामुदायिक भवन की सौगात, CM विष्णुदेव साय ने किया लोकार्पण
पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन में होंगे सामाजिक और पारिवारिक आयोजन, उत्तर जशपुर में नए भवन के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा
जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर शहर में 1 करोड़ 35 लाख 85 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। शहर के मध्य स्थित यह सर्वसुविधायुक्त भवन सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तर जशपुर क्षेत्र में एक नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार आम नागरिकों की जरूरतों और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दे रही है। सामुदायिक भवन केवल बुनियादी सुविधाओं का विस्तार नहीं करते, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और सामुदायिक सहभागिता को भी मजबूत बनाते हैं।

मध्यमवर्गीय और जरूरतमंद परिवारों को मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर शहर के बीचों-बीच इस भवन के निर्माण से विशेष रूप से मध्यमवर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सुविधा मिलेगी। अब विवाह, जन्मदिन, वर्षगांठ और अन्य पारिवारिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए लोगों को महंगे निजी आयोजन स्थलों और टेंट पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा।
इससे परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा और उन्हें कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
हर वर्ग तक विकास सुविधाएं पहुंचाना सरकार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि विकास की सुविधाएं समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचें। नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी बेहतर अधोसंरचना विकसित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन स्थानीय लोगों को एक साझा मंच उपलब्ध कराते हैं, जहां सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से आपसी जुड़ाव और सहभागिता को बढ़ावा मिलता है।
लोकार्पण समारोह में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, कृष्णा राय, अमर सुल्तानिया, जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह और नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
