अग्निवीरों को मिलेगा 2 साल अतिरिक्त सेवा का अवसर, CM विष्णुदेव साय ने केंद्र के फैसले का किया स्वागत

चार साल की प्रारंभिक सेवा पूरी करने के बाद अग्निवीर कर सकेंगे दो वर्ष तक और राष्ट्रसेवा, निर्धारित मानदंड पूरे करने वालों को नियमित सैन्य सेवा का भी मिलेगा मौका

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा अग्निवीरों के लिए दो वर्ष के अतिरिक्त ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ को स्वीकृति दिए जाने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने इसे दूरदर्शी पहल बताते हुए कहा कि इससे राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित युवाओं को सैन्य सेवा में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस फैसले के तहत अग्निवीरों को चार वर्ष की प्रारंभिक सेवा पूरी करने के बाद दो वर्ष तक और देश की सेवा करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करने वाले इच्छुक अग्निवीर नियमित सैन्य सेवा में भी शामिल हो सकेंगे।

अनुभवी अग्निवीरों के कौशल का मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निर्णय से अग्निवीरों के अनुभव, कौशल और सामर्थ्य का राष्ट्रहित में बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा। सैन्य सेवा के दौरान प्राप्त प्रशिक्षण और अनुभव के आधार पर युवाओं को अपनी क्षमताओं का उपयोग देश की सुरक्षा में जारी रखने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इससे देश की रक्षा व्यवस्था को भी अनुभवी और प्रशिक्षित युवाओं की सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। साथ ही, सैन्य सेवा में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए आगे बढ़ने के नए रास्ते खुलेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जताया आभार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की यह पहल राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित युवाओं का मनोबल बढ़ाने वाली है और उन्हें देश के लिए अपनी सेवाएं जारी रखने का अवसर प्रदान करेगी।

About The Author