कबीरधाम में नवविवाहिता का शव सेप्टिक टैंक से मिला, गांव में सनसनी
कवर्धा। कबीरधाम जिले के लोहारा थाना क्षेत्र के बांधाटोला गांव में एक नवविवाहिता का शव घर के सेप्टिक टैंक से बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह घर से आ रही तेज बदबू के बाद परिजनों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद यह गंभीर मामला सामने आया। सूचना मिलते ही लोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि बदबू बढ़ने पर परिजनों और ग्रामीणों ने घर के सेप्टिक टैंक को खोला, जहां अंदर महिला का शव मिला। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
मृतका की पहचान कमानी निषाद के रूप में हुई है, जिसने हाल ही में भेजराज पटेल के साथ लव मैरिज की थी। गांव में इस बात की चर्चा है कि शादी के बाद से ही कमानी के ससुराल पक्ष के साथ संबंध ठीक नहीं थे। दो महीने पहले उसके पति ने लोहारा थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश में थी, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी।
शव बरामद होने के बाद पुलिस टीम ने सेप्टिक टैंक से शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा की कार्रवाई की। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची है, ताकि मौत के कारण और संबंधित सबूतों की जांच की जा सके।
ग्रामीणों ने मृतका के ससुर जहर पटेल पर हत्या का संदेह जताया है। ग्रामीणों के बयान और प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के सभी सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के कारण और आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
