मां काली और मां दुर्गा के दरबार पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना

कालीबाड़ी मंदिर और दुर्गा पूजा पंडाल में विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं को दीं नवरात्रि की शुभकामनाएं

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज शाम राजधानी रायपुर के प्रसिद्ध मां काली मंदिर, कालीबाड़ी एवं दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान और श्रद्धाभाव से मां काली एवं मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की। मुख्यमंत्री ने मां भगवती के चरणों में शीश नवाकर छत्तीसगढ़ में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने का आशीर्वाद मांगा।

शक्ति की आराधना देती है साहस और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शक्ति की आराधना का पावन अवसर हमें अपनी आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ता है। मां दुर्गा शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा की प्रतीक हैं। उनकी उपासना जीवन की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने तथा सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने प्रदेश की निरंतर प्रगति और प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि नवरात्रि और दुर्गा पूजा के अवसर पर पूरे छत्तीसगढ़ में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण है।

पर्व-त्योहार सामाजिक समरसता और भाईचारे के प्रतीक

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और धार्मिक आस्था से है। हमारे पर्व और उत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं हैं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने के अवसर भी हैं।

ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में जोड़ते हैं और नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत एवं जीवन मूल्यों से परिचित कराते हैं।

मातृशक्ति के सम्मान का संदेश देता है नवरात्रि पर्व

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति को सदैव सर्वोच्च स्थान दिया गया है। नवरात्रि और दुर्गा पूजा का पर्व मातृशक्ति के सम्मान तथा समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका का स्मरण कराता है।

उन्होंने मां भगवती से प्रार्थना की कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार में सुख-शांति बनी रहे, किसानों के खेतों में समृद्धि आए, युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिले और माताओं-बहनों के जीवन में खुशहाली आए। उन्होंने कामना की कि मां भगवती की कृपा से छत्तीसगढ़ विकास, समृद्धि और खुशहाली के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।

श्रद्धालुओं से की आत्मीय भेंट

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने कालीबाड़ी मंदिर एवं दुर्गा पूजा पंडाल में उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय भेंट की और सभी को नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर श्रद्धालुओं और समाजजनों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, बंगाली कालीबाड़ी समिति रायपुर के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

About The Author