तीन जिलों में एक साथ दबिश: आयकर विभाग खंगाल रहा विधायक उमाशंकर सिंह की संपत्तियों और माइनिंग का रिकॉर्ड

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के विधायक उमाशंकर सिंह के कई ठिकानों पर आयकर विभाग ने छापेमारी की है। लखनऊ स्थित उनके आवास, सोनभद्र और बलिया में मौजूद घर और कार्यालय पर कार्रवाई जारी है। आवास के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है और घर में मौजूद लोगों को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। आयकर विभाग की बड़ी टीम दस्तावेज, फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य रिकॉर्ड खंगाल रही है।

उमाशंकर सिंह बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक हैं और लगातार तीन बार चुनाव जीत चुके हैं। उन्होंने पहली बार वर्ष 2012 में बीएसपी के टिकट पर जीत दर्ज की थी।

करीब 11 महीने पहले वह आय से अधिक संपत्ति के मामले में चर्चा में आए थे। उस समय सतर्कता विभाग ने उनके खिलाफ जांच शुरू की थी। जांच में उनके साथ ही उनकी पत्नी पुष्पा सिंह, बेटे युकेश और बेटी यामिनी के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों का ब्योरा जुटाया गया था। इसमें जमीन, मकान, फ्लैट, व्यावसायिक संपत्तियां और खेती से जुड़ी परिसंपत्तियां शामिल थीं। सतर्कता विभाग ने प्रयागराज के आईजी को पत्र लिखकर संपत्तियों का विवरण मांगा था। इसके बाद संबंधित विभागों से जानकारी एकत्र की गई और वाराणसी के उप निबंधन कार्यालयों से भी रिकॉर्ड जुटाए गए।

छापेमारी के लिए आयकर विभाग की टीम लग्जरी गाड़ियों से पहुंची। बताया जा रहा है कि कुछ गाड़ियों पर शादी से जुड़े पर्चे लगाए गए थे। टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद है। ओबरा थाना क्षेत्र के पांच ठिकानों पर भी कार्रवाई की सूचना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छापेमारी खनन कारोबार से जुड़े मामलों में की जा रही है।

सोनभद्र में भी आयकर विभाग की टीम ने कार्रवाई की है। करीब 25 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंची टीम ने वहां आधा दर्जन से अधिक व्यापारियों के घरों पर छापेमारी की। ये सभी खनन कारोबार से जुड़े बताए जा रहे हैं। कार्रवाई में 60 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं।

उमाशंकर सिंह की छात्र शक्ति कंस्ट्रक्शन्स नामक कंपनी रोड निर्माण का कार्य करती है। उनकी कंपनी खनन क्षेत्र में भी सक्रिय है। इसके अलावा वह स्कूल और होटल उद्योग से भी जुड़े हैं। उनकी पत्नी पुष्पा सिंह सीएस इन्फ्रा कंस्ट्रक्शन लिमिटेड की प्रबंध निदेशक हैं।

सूत्रों के अनुसार उमाशंकर सिंह कैंसर से पीड़ित हैं और लखनऊ के गोमतीनगर स्थित आवास पर आइसोलेशन में रह रहे हैं। उनके दो ऑपरेशन हो चुके हैं। छापेमारी के दौरान डॉक्टर और नर्स के आवागमन पर भी रोक लगाए जाने की जानकारी सामने आई है।

About The Author