ईरान पर समझौते को लेकर ट्रंप की सख्त चेतावनी, हमले तेज

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को समझौते को लेकर कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि तय समयसीमा से पहले समझौता नहीं हुआ तो गंभीर परिणाम हो सकते हैं। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा कि हालात बेहद संवेदनशील हैं और यह दुनिया के इतिहास का अहम मोड़ साबित हो सकता है। उन्होंने ईरान में संभावित बदलाव की ओर इशारा करते हुए कहा कि वहां कम कट्टरपंथी सोच वाले लोगों का प्रभाव बढ़ सकता है, जिससे सकारात्मक परिवर्तन की संभावना भी बन सकती है।

ट्रंप ने ईरान को मंगलवार रात 8 बजे तक का समय दिया था। इस बीच अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हमले तेज कर दिए हैं। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान अपने उद्देश्यों को काफी हद तक हासिल कर चुका है और युद्ध का अंत निकट हो सकता है। उन्होंने कहा कि आगे की स्थिति ईरान के लोगों के निर्णय पर निर्भर करेगी।

खार्ग आइलैंड पर हमले, रणनीतिक ठिकानों को निशाना

हमलों के तहत अमेरिका और इजराइल ने ईरान के महत्वपूर्ण रेल इंफ्रास्ट्रक्चर और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान के खार्ग आइलैंड पर 50 से अधिक ठिकानों पर हमले किए गए हैं। खार्ग आइलैंड ईरान का प्रमुख तेल निर्यात केंद्र है, इसलिए इसे रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

अमेरिका का दावा है कि इन हमलों से ईरान की एयर डिफेंस, मिसाइल क्षमता और फारस की खाड़ी में उसकी नौसैनिक ताकत को काफी नुकसान पहुंचा है। साथ ही होर्मुज स्ट्रेट पर दबाव बनाने की रणनीति भी प्रभावी साबित हो रही है। इससे लंबे युद्ध के बजाय कूटनीतिक समाधान की संभावना बढ़ सकती है।

हालांकि, ईरान ने अमेरिका के सीजफायर प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। ईरान का कहना है कि जब तक हमले बंद नहीं होंगे, तब तक किसी भी तरह की बातचीत संभव नहीं है।

About The Author