रायपुर में अफवाहों से मची भगदड़, पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारें
प्रधानमंत्री Narendra Modi की अपील के बाद राजधानी Raipur में पेट्रोल को लेकर लोगों में डर और घबराहट का माहौल देखने को मिल रहा है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी है, जहां लोग घंटों लाइन में लगकर पेट्रोल भरवा रहे हैं।
सोशल मीडिया से फैली चिंता
कई लोगों का कहना है कि उन्हें पेट्रोल की कमी और कीमत बढ़ने की खबरें सोशल मीडिया, इंस्टाग्राम और अखबारों के जरिए मिलीं। खबर सुनते ही लोग अपने काम छोड़कर पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ पड़े।
कुछ लोगों ने बताया कि वे सिर्फ रास्ते से गुजर रहे थे, लेकिन पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ देखकर वे भी डर गए और तुरंत अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने पहुंच गए।
“आगे दिक्कत न हो जाए…”
लोगों का कहना है कि रोज ऑफिस जाना, कारोबार और जरूरी कामों के लिए पेट्रोल बेहद जरूरी है। इसी वजह से कई लोग पहले से ही टैंक फुल करवाने और अतिरिक्त पेट्रोल स्टॉक करने की कोशिश कर रहे हैं।
कई वाहन चालकों ने बताया कि वे आधे घंटे से ज्यादा समय से लाइन में खड़े हैं, जबकि कुछ लोग तीन-चार पेट्रोल पंप घूमने के बाद कहीं जाकर पेट्रोल भरवा पाए।
सरकार की अपील: घबराएं नहीं
दूसरी ओर सरकार लगातार यह स्पष्ट कर रही है कि देश में पेट्रोल की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है। लोगों से अपील की जा रही है कि घबराहट में जरूरत से ज्यादा पेट्रोल न खरीदें और ईंधन का इस्तेमाल सोच-समझकर करें।
हालांकि सरकारी आश्वासन के बावजूद राजधानी रायपुर के कई पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी और लंबी कतारों का माहौल साफ नजर आ रहा है।
