अबरार के पास मिले 84 सिम कार्ड पर फोटो एक ही, लेकिन नाम अलग-अलग; मध्य प्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में पुलिस ने बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए दूरसंचार कंपनियों के एक एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक ही फोटो का उपयोग कर अलग-अलग लोगों के नाम पर 84 सिम कार्ड जारी करने का आरोप है।

कोतवाली थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अबरार उर्फ अरबाज उर्फ अब्दुल के रूप में हुई है। वह दूरसंचार कंपनियों के लिए एजेंट के रूप में कार्य करता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने एक ही फोटो का उपयोग कर कई लोगों के नाम पर सिम कार्ड जारी किए और इस तरह अवैध लाभ कमाया।

भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन एफ.ए.सी.ई.’ के तहत देवास पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश किया है। अबरार देवास जिले के सोनकच्छ थाना क्षेत्र के गंधर्वपुरी का निवासी है। पुलिस के अनुसार, उसने स्वयं तथा कुछ प्वाइंट ऑफ सेल एजेंटों की मिलीभगत से यह फर्जीवाड़ा किया। इन 84 सिम कार्डों में से केवल 16 ग्राहक आवेदन फॉर्म ही उपलब्ध हो सके हैं।

इस मामले में आरोपी के साथ अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे गिरोह की जांच जारी है।

About The Author