सक्ती जिले को 122 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात, शिवराज सिंह चौहान और सीएम विष्णुदेव साय ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन
121.70 करोड़ के 38 विकास कार्यों से बदलेगी सक्ती जिले की तस्वीर, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण अधोसंरचना को मिलेगी मजबूती
सक्ती। केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में जिलेवासियों को करीब 122 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी।

दोनों नेताओं ने 121 करोड़ 70 लाख रुपए से अधिक की लागत के कुल 38 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन विकास कार्यों से जिले में सड़क संपर्क के विस्तार के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, प्रशासनिक एवं ग्रामीण अधोसंरचना को नई मजबूती मिलेगी।
23 कार्यों का भूमिपूजन, 15 विकास कार्य जनता को समर्पित
कार्यक्रम में लगभग 79.25 करोड़ रुपए की लागत के 23 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जबकि करीब 42.46 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण 15 विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया।
इन कार्यों से सक्ती जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद है।
22 किलोमीटर सड़क निर्माण पर 25 करोड़ से अधिक खर्च
भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में करीब 25.82 करोड़ रुपए की लागत से देवरघटा, बरतुंगा, तुलसीडीह, अण्डा और चरौदा होते हुए सपिया नहरपार तक 22 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण का कार्य शामिल है।
इसके अलावा लगभग 15.30 करोड़ रुपए की लागत से छुहीपाली से कटेकोनी, बड़े-कर्राखई, ठाकुरपाली होते हुए सेमराडीह तक 12 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण का भी भूमिपूजन किया गया।
अण्डी-किरकार-जगमहन से सातबहिनिया तक सड़क, नगझर-नवापारा मार्ग तथा गुरेराडीह किरारी से केसला मुख्य मार्ग सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं को भी मंजूरी देते हुए भूमिपूजन किया गया।
शिक्षा और युवाओं के लिए नए भवनों की सौगात
शिक्षा एवं युवाओं के विकास को ध्यान में रखते हुए शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती के नवीन भवन, बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा में अतिरिक्त भवन तथा नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न गांवों में उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों के निर्माण की आधारशिला रखी गई। महिलाओं की सुविधा और सामाजिक गतिविधियों के लिए विभिन्न स्थानों पर महतारी सदनों के निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया।
सड़क और पुल-पुलिया परियोजनाओं का लोकार्पण
लोकार्पित प्रमुख कार्यों में करीब 14.35 करोड़ रुपए की लागत से मालखरौदा क्षेत्र में कलमी नहरपार से चिखली, छोटेकोट, बड़ेकोट और सिंघरा होते हुए बेल्हाडीह तक सड़क निर्माण शामिल है।
वहीं लगभग 11.35 करोड़ रुपए की लागत से देवरघटा से कठरापाली, निमोही, सिंघीतराई और बेनीपाली होते हुए ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण का भी लोकार्पण किया गया।
इसके साथ ही बुंदेली-अड़भार मार्ग को भी जनता को समर्पित किया गया।
तहसील कार्यालय, थाना भवन और सोलर पंप की सौगात
विकास कार्यों के तहत जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्थापित सोलर ड्यूल पंप का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा चन्द्रपुर एवं हसौद के नवीन तहसील कार्यालय भवन, डभरा, चन्द्रपुर एवं जैजैपुर के नवीन पुलिस थाना भवन तथा अड़भार पुलिस चौकी भवन का भी लोकार्पण किया गया।
सुलौनी हाईस्कूल भवन, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन और गोबरा में महतारी सदन सहित अन्य विकास कार्य भी जनता को समर्पित किए गए।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
करीब 122 करोड़ रुपए के इन विकास कार्यों से सक्ती जिले में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासनिक सुविधाओं और ग्रामीण अधोसंरचना के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
