हर पात्र परिवार को मिलेगा पक्का आवास, पंचायत विकास कार्यों पर लगेगा बारकोड, स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय
नक्सल हिंसा प्रभावित और आत्मसमर्पित लोगों के आवास की भी होगी चिंता, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गिनाईं सरकार की प्राथमिकताएं
रायपुर/सक्ती। छत्तीसगढ़ सरकार ने स्पष्ट संकल्प लिया है कि प्रदेश का कोई भी पात्र परिवार पक्के आवास से वंचित नहीं रहेगा। सरकार गरीब परिवारों के साथ-साथ नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों और आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटे लोगों के आवास की भी विशेष चिंता कर रही है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास को केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रख रही है, बल्कि गांवों में शिक्षा, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।

26 जनवरी 2027 तक हर स्कूल में होगा बालिका शौचालय
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक विद्यालय में बालिकाओं के लिए शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सरकार ने 26 जनवरी 2027 तक सभी स्कूलों में बालिका शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
गांवों में बनेंगे पक्के मुक्तिधाम शेड
ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार स्थलों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत पक्के मुक्तिधाम शेड और आवश्यक अधोसंरचना का निर्माण कराया जाएगा।
इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
पंचायतों के विकास कार्यों पर लगेगा बारकोड
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी दिशा में पंचायतों में कराए जा रहे विकास कार्यों पर अब बारकोड लगाया जा रहा है।
नागरिक इस बारकोड को स्कैन कर संबंधित विकास कार्य की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे विकास कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और आम नागरिक भी कार्यों की निगरानी में सहभागी बन सकेंगे।
आम नागरिक कर सकेंगे विकास कार्यों की निगरानी
बारकोड व्यवस्था के माध्यम से पंचायत स्तर पर किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी आम नागरिकों तक आसानी से पहुंच सकेगी। इससे ग्रामीण विकास में जनभागीदारी बढ़ने के साथ पारदर्शिता और जवाबदेही को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सांसद कमलेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपती कीर्तन चंद्रा, जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, लखपति दीदियां, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
