नशे से दूरी है जरूरी 2.0′ से पहले एमपी पुलिस का बड़ा एक्शन, 61.77 लाख रुपये के मादक पदार्थ और वाहन जब्त
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने 15 जुलाई से शुरू होने वाले राज्यव्यापी “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” जन-जागरूकता अभियान से पहले नशा तस्करों के खिलाफ प्रदेशभर में सघन अभियान चलाया है। बीते दो दिनों में विभिन्न जिलों में की गई कार्रवाई में पुलिस ने करीब 61.77 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ, प्रतिबंधित नशीली दवाइयां और वाहन जब्त किए हैं। साथ ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
नशे के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा
मध्यप्रदेश पुलिस का उद्देश्य केवल अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकना ही नहीं, बल्कि प्रदेश में सक्रिय संगठित नशा तस्करी नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना भी है। इसी रणनीति के तहत अभियान शुरू होने से पहले ही प्रदेशभर में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
नीमच में 27 लाख रुपये की अफीम और डोडाचूरा जब्त
जीरन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4.5 किलोग्राम अवैध अफीम और 30 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 27 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इंदौर में एमडी ड्रग्स और ब्राउन शुगर बरामद
इंदौर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में लगभग 12 लाख रुपये मूल्य की एमडी ड्रग्स और ब्राउन शुगर जब्त की।
- हीरानगर थाना पुलिस ने एक आरोपी से 6.30 ग्राम एमडी ड्रग्स (लगभग 1 लाख रुपये) बरामद की।
- खजराना थाना पुलिस ने मंदसौर निवासी एक तस्कर को 110 ग्राम ब्राउन शुगर (11 लाख रुपये से अधिक) के साथ गिरफ्तार किया।
नरसिंहपुर में स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली थाना पुलिस ने तिंदनी रोड नहर के पास एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 ग्राम स्मैक (लगभग 1 लाख रुपये) और एक मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस स्मैक के स्रोत और तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है।
शिवपुरी में गांजा जब्त
पोहरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1 किलो 261 ग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 22 हजार रुपये बताई गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
सिंगरौली में 21.55 लाख की प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त
बरगवां पुलिस ने एक स्कॉर्पियो वाहन से 722 शीशी (72.2 लीटर) प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद की। कार्रवाई में करीब 21.55 लाख रुपये मूल्य की नशीली दवा एवं वाहन जब्त किए गए। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया।
15 जुलाई से शुरू होगा राज्यव्यापी अभियान
मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के दौरान जन-जागरूकता के साथ-साथ अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, परिवहन, भंडारण और तस्करी में शामिल व्यक्तियों एवं गिरोहों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
