12वीं हिंदी की दोबारा परीक्षा के लिए माशिमं ने बदली सुरक्षा व्यवस्था, लागू किया वन टाइम लॉक सिस्टम
रायपुर: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने 12वीं हिंदी प्रश्नपत्र लीक प्रकरण के बाद 10 अप्रैल को होने वाली पुनर्रिक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। परीक्षा की गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए मंडल ने व्यवस्था में महत्वपूर्ण तकनीकी बदलाव किए हैं, जिसमें प्रश्नपत्रों के लिए वन टाइम लॉक सिस्टम और जीपीएस ट्रैकिंग जैसे कदम शामिल हैं।
माशिमं की सचिव पुष्पा साहू ने जानकारी दी कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए पहली बार वन टाइम लॉक सिस्टम और जीपीएस लॉक युक्त विशेष कंटेनरों का उपयोग किया जाएगा। अब गोपनीय सामग्री का परिवहन सामान्य बसों के बजाय इन सुरक्षित कंटेनरों से होगा, जिनकी पल-पल की निगरानी जीपीएस के जरिए की जाएगी। समन्वय केंद्रों पर सामग्री पहुंचने पर वीडियो कॉल के माध्यम से लॉक की पुष्टि की जाएगी और इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
सुरक्षा के नए नियमों के तहत स्ट्रांग रूम को वन टाइम लॉक से सील किया जाएगा। केंद्राध्यक्ष जब परीक्षा सामग्री बाहर निकालेंगे, तब जिला शिक्षा अधिकारी लॉक की जांच करेंगे। परीक्षा संपन्न होने के बाद उपयोग किए गए सभी वन टाइम लॉक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा कराने होंगे। मंडल ने स्पष्ट किया है कि यह आधुनिक सुरक्षा प्रणाली भविष्य की सभी परीक्षाओं में भी लागू रहेगी।
गौरतलब है कि 14 मार्च 2026 को आयोजित 12वीं हिंदी की परीक्षा का प्रश्नपत्र एक दिन पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। पेपर लीक के आरोपों और शिकायतों के बाद मंडल ने परीक्षा रद्द कर पुलिस में मामला दर्ज कराया था। अब यह परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। नई व्यवस्था के माध्यम से मंडल का उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाना है।
