लोरमी में महाराणा प्रताप जयंती समारोह: उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अष्टधातु प्रतिमा निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की

लोरमी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भारत की पुण्य भूमि ने अनेक वीर योद्धाओं और महापुरुषों को जन्म दिया है। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप ऐसे ही महान सपूत थे, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने स्वाभिमान, राष्ट्रधर्म और स्वतंत्रता से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने मुगल सत्ता की दासता स्वीकार नहीं की और हल्दीघाटी के युद्ध में अदम्य साहस एवं वीरता का परिचय दिया। उनका जीवन आज भी युवाओं और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव लोरमी में सर्वोदय राजपूत राठौर क्षत्रिय समाज द्वारा आयोजित वीर महाराणा प्रताप जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने महाराणा प्रताप की अष्टधातु प्रतिमा के निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की।
अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्र “राष्ट्र प्रथम” हम सभी के लिए मार्गदर्शक है। भारत त्याग, बलिदान और गौरवशाली परंपराओं की भूमि है। इन मूल्यों को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि धर्म और मातृभूमि की रक्षा के लिए समाज को संगठित रहना होगा।
उप मुख्यमंत्री ने राजपूत समाज की सराहना करते हुए कहा कि समाज शिक्षा, खेल, सरकारी सेवाओं और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है। उन्होंने युवाओं से महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के उत्कृष्ट शिक्षकों, डॉक्टरों, खेल प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, पूर्व सैनिकों, समाजसेवियों और गौसेवकों को सम्मानित किया गया। साथ ही कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह के अंतर्गत आयोजित रक्तदान शिविर में 55 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। उप मुख्यमंत्री ने इन रक्तदाताओं को भी सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर अखिल भारतीय घर वापसी अभियान के प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, राजपूत समाज लोरमी के अध्यक्ष भीषम सिंह राजपूत, उपाध्यक्ष राम निवास राजपूत, सर्व क्षत्रिय राजपूत महासंघ के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह, लोरमी जनपद पंचायत अध्यक्ष वर्षा सिंह, लोरमी नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप सहित बड़ी संख्या में समाजजन और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

About The Author