छत्तीसगढ़ के हाजियों की वतन वापसी शुरू, पहला जत्था सकुशल नागपुर पहुंचा

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के माध्यम से हज यात्रा पर गए हाजियों की सऊदी अरब से वतन वापसी का सिलसिला शुरू हो गया है। राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मिर्जा एजाज़ बेग ने बताया कि 18 जून 2026 को प्रदेश के 122 हाजी सकुशल नागपुर पहुंचे। हाजियों का पहला जत्था आज नागपुर एयरपोर्ट पर पहुंचा, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
मिर्जा एजाज़ बेग ने बताया कि नागपुर एयरपोर्ट पर सभी हाजियों को 5-5 लीटर मक्का का पवित्र आबे ज़मज़म प्रदान किया गया। हज यात्रा पूरी कर लौटे श्रद्धालुओं के चेहरों पर सुकून, संतोष और खुशी साफ दिखाई दे रही थी।
नागपुर एयरपोर्ट पर राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मिर्जा एजाज़ बेग सहित कमेटी के पदाधिकारियों ने हाजियों का इस्तेकबाल किया और गुलपोशी कर उनका स्वागत किया। इस दौरान हाजियों ने हज यात्रा के सफल आयोजन और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
हाजियों ने कहा कि यात्रा के दौरान उन्हें आवश्यक सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध कराया गया, जिससे उनकी धार्मिक यात्रा सुगमता और शांति के साथ संपन्न हुई।
इस अवसर पर राज्य हज कमेटी के सदस्य मौलाना अमीर बेग, मौलाना हसन अब्बास तथा हज कमेटी कार्यालय के सहायक सैय्यद सलीम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author