पर्यावरण संरक्षण और जिले में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से वनमंडल कोंडागांव ने मंगलवार को जगदलपुर नाका चौक में निःशुल्क पौधा वितरण केंद्र का शुभारंभ किया।

कोंडागांव। पर्यावरण संरक्षण और जिले में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से वनमंडल कोंडागांव ने मंगलवार को जगदलपुर नाका चौक में निःशुल्क पौधा वितरण केंद्र का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण से जोड़ना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।

विधायक लता उसेंडी ने किया शुभारंभ

पौधा वितरण केंद्र का शुभारंभ बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों को फलदार, छायादार और औषधीय पौधों का निःशुल्क वितरण किया तथा सभी से अपने घर, आंगन, खेत, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

पौधरोपण के साथ संरक्षण भी जरूरी

लता उसेंडी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष न केवल स्वच्छ हवा प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण और नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रत्येक परिवार से कम से कम एक पौधा लगाने का आग्रह किया।

हरित वातावरण से बनेगा स्वस्थ समाज

कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि हरित वातावरण ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही जिले को अधिक हरित और स्वच्छ बनाया जा सकता है।

वन विभाग चला रहा विशेष अभियान

वनमंडलाधिकारी चूड़ामणि सिंह ने बताया कि वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार जिले में पौधरोपण, निःशुल्क पौधा वितरण और पर्यावरण जागरूकता के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। निःशुल्क पौधा वितरण केंद्र के माध्यम से नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग वृक्षारोपण अभियान से जुड़ सकें।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद कोंडागांव के अध्यक्ष नरपति पटेल, दीपेश अरोरा, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author