कांकेर में आकाशीय बिजली का कहर: मनरेगा कार्य के दौरान 3 मजदूरों की मौत, 5 महिलाएं घायल

कांकेर। जिले के अंतागढ़ विकासखंड अंतर्गत कलगांव में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मनरेगा के तहत तालाब गहरीकरण कार्य में लगे मजदूर अचानक मौसम खराब होने के दौरान बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 महिलाएं घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार कलगांव में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत तालाब गहरीकरण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान तेज गर्जना और बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में वहां काम कर रहे मजदूर आ गए।

घटना के बाद ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायल 5 महिलाओं में से 4 का इलाज अंतागढ़ अस्पताल में जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला को बेहतर उपचार के लिए कांकेर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति का जायजा लिया। मृतकों की पहचान और पंचनामा कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

About The Author