हैदराबाद इन्वेस्टर कनेक्ट में छत्तीसगढ़ को 9,580 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 7,800 से ज्यादा रोजगार के अवसर

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने निवेश आकर्षित करने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हैदराबाद में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की सात प्रमुख कंपनियों ने राज्य में 9,580 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं। इन प्रस्तावों से प्रदेश में 7,800 से अधिक रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने देश के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि राज्य आज विकसित भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में तेजी से उभर रहा है और निवेशकों के लिए यहां ‘रेड कारपेट’ बिछा हुआ है।

8 लाख करोड़ से अधिक निवेश प्रस्तावों का दावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, जापान और दक्षिण कोरिया में आयोजित निवेशक संपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। राज्य सरकार इन प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए तेजी से कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि आसान प्रक्रियाएं, सिंगल विंडो सिस्टम, मजबूत आधारभूत ढांचा और उद्योग-अनुकूल नीतियां छत्तीसगढ़ को निवेश के लिए देश के सबसे आकर्षक राज्यों में शामिल कर रही हैं।

4,200 करोड़ का डेटा सेंटर, बनेगा डिजिटल हब

कार्यक्रम में सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव हाइपरनेक्स्ट डाटा सेंटर लिमिटेड की ओर से मिला। कंपनी ने छत्तीसगढ़ में भारत का पहला समर्पित डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने के लिए 4,200 करोड़ रुपये निवेश करने की पेशकश की है।

इस परियोजना से राज्य में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को नई मजबूती मिलेगी और लगभग 250 रोजगार सृजित होंगे।

सीमेंट सेक्टर में 2,912 करोड़ का निवेश

फीग्रेड एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड ने सीमेंट क्षेत्र में 2,912 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है। इस परियोजना से करीब 4,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

AI और सेमीकंडक्टर सेक्टर में बड़ा निवेश

निवाई लैब्स प्राइवेट लिमिटेड ने 1,000 करोड़ रुपये निवेश कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), GPU इंफ्रास्ट्रक्चर, एडवांस कंप्यूटिंग और सेमीकंडक्टर असेंबली सुविधाओं के विकास का प्रस्ताव रखा है। इससे लगभग 200 रोजगार सृजित होंगे और राज्य को हाई-टेक इंडस्ट्री हब बनाने में मदद मिलेगी।

सौर ऊर्जा और टेक्सटाइल उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
एसजी मार्ट लिमिटेड ने सौर ऊर्जा उपकरण निर्माण क्षेत्र में 700 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है, जिससे लगभग 450 रोजगार मिल सकते हैं।
सरवणा मिल्स प्राइवेट लिमिटेड ने 528 करोड़ रुपये निवेश कर अत्याधुनिक टेक्सटाइल और परिधान निर्माण इकाई स्थापित करने की योजना बनाई है, जिससे लगभग 2,500 रोजगार सृजित होंगे।
फार्मा और डेयरी क्षेत्र में भी निवेश
काबरा ड्रग्स ने फार्मास्यूटिकल सेक्टर में 200 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया।
दिनशॉज डेयरी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड ने डेयरी प्रोसेसिंग क्षेत्र में 40 करोड़ रुपये निवेश की पेशकश की है।

इन दोनों परियोजनाओं से लगभग 400 नए रोजगार सृजित होने की संभावना है।

निवेशकों से सीधी चर्चा

हैदराबाद दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनके प्रतिनिधिमंडल ने पेज इंडस्ट्रीज, डेल्टा इलेक्ट्रॉनिक्स, एक्सिस एनर्जी, सेल्कॉन ग्रुप और मैग्नमविंग्स जैसी प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर निवेश संभावनाओं पर चर्चा की।

इसके अलावा स्वामी नारायण गुरुकुल संगठन ने रायपुर के टाटीबंध क्षेत्र में 650 बिस्तरों वाले चैरिटेबल अस्पताल की स्थापना के प्रस्ताव पर भी मुख्यमंत्री से चर्चा की।

भविष्य के उद्योगों पर फोकस

इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में आईटी, डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मास्यूटिकल्स, एयरोस्पेस, रक्षा उत्पादन, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश अवसरों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।

About The Author