राज्यपाल रमेन डेका की पहल: बस्तर के सुदूर वनांचल के विद्यार्थियों को मिले 10 नए कंप्यूटर

रायपुर। शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल संसाधनों को बढ़ावा देने की दिशा में राज्यपाल रमेन डेका ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपने स्वेच्छानुदान मद से बस्तर जिले के विकासखंड दरभा के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मांझीगुड़ा (चिंगपाल) को 10 कंप्यूटर उपलब्ध कराए। इसके लिए राज्यपाल ने पूर्व में स्वीकृति प्रदान की थी।

लोक भवन में किया कंप्यूटरों का औपचारिक हस्तांतरण

राजभवन स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विद्यालय के लिए 10 कंप्यूटरों का औपचारिक रूप से हस्तांतरण किया। इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल शिक्षा से जोड़ना और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके ज्ञान एवं कौशल का विकास करना है।

डिजिटल शिक्षा को मिलेगा नया विस्तार

राज्यपाल ने कहा कि आज के दौर में कंप्यूटर और डिजिटल तकनीक शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं। ऐसे में दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक संसाधनों से जोड़ना आवश्यक है, ताकि वे तकनीकी शिक्षा में पीछे न रहें और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।

इन कंप्यूटरों की मदद से विद्यालय के छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल लर्निंग और सूचना प्रौद्योगिकी से संबंधित विभिन्न विषयों की बेहतर जानकारी प्राप्त होगी।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, उप सचिव निधि साहू तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मांझीगुड़ा (जिला बस्तर) के प्राचार्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author