योग केवल व्यायाम नहीं, तन-मन का संपूर्ण विज्ञान है : डॉ. वर्णिका शर्मा
सारंगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में दिया स्वस्थ, सशक्त और युवा भारत का संदेश

सारंगढ़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के नगर पंचायत सरिया में आयोजित भव्य समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की आत्मा बताते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि तन, मन और आत्मा को संतुलित करने वाला संपूर्ण विज्ञान है, जो व्यक्ति के समग्र विकास का आधार बनता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि योग की जड़ें भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा में निहित हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन के संवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि योग का संदेश धर्म, कर्तव्य और आत्मबल से जुड़ा हुआ है। आज योग पूरी दुनिया को स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की राह दिखा रहा है।
योग से युवा रहेगा भारत
डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि भारत केवल जनसंख्या के आंकड़ों से युवाओं का देश नहीं कहलाएगा, बल्कि तब वास्तविक युवा राष्ट्र बनेगा जब उसके नागरिक योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहेंगे। उन्होंने कहा कि योग शरीर को लचीला बनाने के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी प्रदान करता है।
उन्होंने कहा, “योग केवल युवाओं के लिए नहीं है। जो व्यक्ति नियमित योग करता है, वह हर उम्र में युवा बना रहता है। योग युवापन, ऊर्जा और संतुलन का प्रतीक है।”
योग को बनाएं जीवनशैली का हिस्सा
डॉ. शर्मा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। जब व्यक्ति अपने मन और मस्तिष्क पर नियंत्रण करना सीखता है, तब वह जीवन के हर क्षेत्र में अधिक जिम्मेदार, सक्षम और सफल बनता है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण के लिए आवश्यक है कि योग घर-घर तक पहुंचे और हर परिवार इसकी उपयोगिता को समझे।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष अरुण शराप, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।ने की दिशा में एक नया अध्याय साबित होगी।
