कांकेर में योग का महाकुंभ: हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, मंत्री लखनलाल देवांगन ने दिलाया स्वस्थ जीवन का संकल्प
कांकेर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कांकेर के न्यू कम्युनिटी हॉल परिसर में आयोजित जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में स्वास्थ्य, ऊर्जा और सकारात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही योग प्रेमियों, विद्यार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की बड़ी संख्या कार्यक्रम स्थल पर जुटी और सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विधायक आशाराम नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, पूर्व सांसद मोहन मंडावी, भारतीय खाद्य निगम के सदस्य हलधर साहू, प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, डीएफओ रौनक गोयल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ योगाभ्यास किया।
योग को वैश्विक पहचान दिलाने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को : देवांगन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि योग और अध्यात्म भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर हैं, जिन्हें आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सतत प्रयासों से योग को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेशवासियों को स्वस्थ और खुशहाल जीवन देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। योग शरीर और मन दोनों के विकास का प्रभावी माध्यम है, जो अनेक बीमारियों से बचाव के साथ जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
मंत्री देवांगन ने उपस्थित लोगों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी दिलाया।
योग स्वस्थ जीवन की सबसे बड़ी कुंजी : आशाराम नेताम

विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि योग हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक विकास होता है तथा व्यक्ति स्वस्थ और निरोग जीवन जी सकता है। उन्होंने नागरिकों से प्रतिदिन योग करने और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग सबसे प्रभावी औषधि बनकर उभरा है। यह न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी विकसित करता है।
विभिन्न योगासन और प्राणायाम का कराया गया अभ्यास
योग प्रशिक्षक मोहन सेनापति, उपेश्वर ठाकुर एवं कुश साहू ने उपस्थित लोगों को अर्द्धचक्रासन, ताड़ासन, भुजंगासन, शवासन, वज्रासन, त्रिकोणासन, उत्तानपाद आसन, कटिचक्रासन, उष्ट्रासन, दण्डासन, भद्रासन, उत्तानमण्डूकासन, सेतु दण्डासन, पवनमुक्तासन, मकरासन सहित अनेक योगासनों का अभ्यास कराया।
इसके साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और नाड़ी शोधन प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास भी कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योग मुद्राओं के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देते हुए नियमित अभ्यास की सलाह दी।
जिलेभर में हुए योग कार्यक्रम
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले की सभी जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न संगठनों द्वारा भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे जिले में योग दिवस को उत्सव की तरह मनाया गया और लोगों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पार्षद उगेश्वरी उईके, शकुंतला जैन, दिलीप जायसवाल, राजा देवनानी, पप्पू मोटवानी, राजा पाण्डे, संजय सिन्हा, संजू गोपाल साहू, दिनेश रजक, विजय लक्ष्मी कौशिक, एसडीएम अरुण वर्मा, वरिष्ठ नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
