दंतेवाड़ा में घरेलू विवाद से भड़की पंचायत, दो पक्षों में जमकर मारपीट, 10 से अधिक लोग घायल

दंतेवाड़ा। जिले के कुआकोंडा थाना क्षेत्र के बेड़मा गांव में घरेलू विवाद को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। मां को बेटे द्वारा थप्पड़ मारने से शुरू हुआ मामला पंचायत तक पहुंच गया, जहां ससुराल और मायके पक्ष के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर 21 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एक पक्ष ने 17 लोगों को नामजद किया है, जबकि दूसरे पक्ष ने चार समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

मामला दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। बेड़मा निवासी नंदा सोरी (25) ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपनी मां को थप्पड़ मार दिया था। इसके बाद महिला अपने मायके चली गई और वहां अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। अगले दिन महिला के मायके वाले नंदा सोरी के घर पहुंचे और उसकी पिटाई कर दी। मारपीट के बाद वे वापस लौट गए।

इस घटना से ससुराल पक्ष नाराज हो गया और गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचायत में दोनों पक्षों के लोग, सरपंच और पंच मौजूद थे। चर्चा के दौरान बहस बढ़ी और देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडे चले और कई लोगों के सिर फट गए। इस झड़प में 10 से अधिक लोग घायल हुए, जिनमें से 5 से 7 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मायके पक्ष की ओर से शिव कुमार कुंजाम ने ससुराल पक्ष के सोना राम सोरी, नंदा सोरी, राहुल सोरी, राजा कुंजाम समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं नंदा सोरी की ओर से दर्ज रिपोर्ट में 17 लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने बताया कि 1 नवंबर की रात दोनों एफआईआर दर्ज की गईं और मामले की जांच जारी है। गांव में अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है।

About The Author