CM हेल्पलाइन 1076 का असर: कोरबा में एक घंटे के भीतर दूर हुई बिजली समस्या, नागरिक ने की पहल की सराहना

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की जनहितैषी पहल बनी आम लोगों की उम्मीद, शिकायत के 60 मिनट के भीतर मिला समाधान

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का भरोसेमंद माध्यम बनती जा रही है। हेल्पलाइन शुरू होने के बाद इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगे हैं, जहां शिकायत दर्ज होने के महज एक घंटे के भीतर बिजली संबंधी समस्या का समाधान कर दिया गया।

बिजली वोल्टेज की समस्या से परेशान थे रामकुमार साहू

कोरबा शहर के पंपहाउस क्षेत्र निवासी रामकुमार साहू लंबे समय से बिजली के बार-बार अप-डाउन होने की समस्या से परेशान थे। लगातार वोल्टेज में उतार-चढ़ाव के कारण उनके घर के विद्युत उपकरण प्रभावित हो रहे थे और दैनिक जीवन में भी असुविधा हो रही थी।

समस्या से परेशान होकर उन्होंने शाम करीब 4 बजे सीएम हेल्पलाइन 1076 पर मोबाइल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही हरकत में आया विद्युत विभाग

शिकायत प्राप्त होते ही विद्युत विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि 100 केवीए क्षमता वाले डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर के न्यूट्रल में तकनीकी समस्या है। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य किया और समस्या का समाधान कर दिया।

सबसे खास बात यह रही कि शिकायत दर्ज होने के लगभग एक घंटे के भीतर शाम 5:09 बजे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो गई।

‘अब जनता की आवाज सीधे शासन तक पहुंच रही है’

त्वरित समाधान से संतुष्ट रामकुमार साहू ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 वास्तव में आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज करते समय उनकी बात को गंभीरता से सुना गया और संबंधित विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए समस्या का निराकरण सुनिश्चित किया।

उन्होंने कहा कि अब आम लोगों की आवाज सीधे शासन तक पहुंच रही है और समस्याओं का समयबद्ध समाधान मिल रहा है।

लोगों से की हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील

रामकुमार साहू ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए सीएम हेल्पलाइन 1076 का अधिक से अधिक उपयोग करें। उन्होंने नागरिकों की सुविधा के लिए शुरू की गई इस पहल पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार भी व्यक्त किया।

सुशासन की दिशा में बड़ा कदम

सीएम हेल्पलाइन 1076 शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाने के साथ-साथ पारदर्शी, जवाबदेह और त्वरित प्रशासनिक व्यवस्था का उदाहरण बनकर उभर रही है। यह व्यवस्था नागरिकों की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

About The Author