CG News: सीएम हेल्पलाइन 1076 बनी जनता का भरोसा, 2.31 लाख शिकायतों में से 88.85% का निराकरण

रायपुर। आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध, संवेदनशील और प्रभावी समाधान सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। इसी उद्देश्य से शुरू की गई छत्तीसगढ़ की सीएम हेल्पलाइन 1076 प्रदेशवासियों के लिए भरोसे का महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरी है। राशन, पेंशन, बिजली, आवास और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अब लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा रहे हैं और उनके निराकरण की नियमित निगरानी की जा रही है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर स्थित सीबीडी बिल्डिंग में संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 के कार्यालय पहुंचकर इसकी कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निराकरण केवल आंकड़ों तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक नागरिक को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

2.31 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज, 88.85 प्रतिशत का समाधान

समीक्षा बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, 9 जून से 15 अक्टूबर 2026 तक सीएम हेल्पलाइन 1076 पर कुल 2,31,850 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 2,05,996 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि शेष 25,854 शिकायतों पर कार्रवाई जारी है।

हेल्पलाइन पर प्राप्त कुल शिकायतों में से 88.85 प्रतिशत का निराकरण किया जा चुका है। यहां प्रतिदिन औसतन 1,500 से 2,000 शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।

मुख्यमंत्री  साय ने शुरुआती परिणामों को उत्साहजनक बताते हुए कहा कि यह अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों के निपटारे में तेजी के साथ-साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं से सीधे की बातचीत

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विभिन्न जिलों के शिकायतकर्ताओं से स्वयं बातचीत कर उनकी समस्याओं के समाधान की वास्तविक स्थिति जानी। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला कलेक्टरों से भी चर्चा की और जिलेवार तथा विभागवार प्रदर्शन की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेते हुए यह जानने का प्रयास किया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद उन्हें राहत मिली या नहीं। नागरिकों ने अपने अनुभव साझा किए और शिकायतों के निराकरण पर संतुष्टि व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी शिकायत को बंद करने से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित व्यक्ति की समस्या वास्तव में दूर हो गई है। उन्होंने कहा कि नागरिकों से मिलने वाला फीडबैक ही हेल्पलाइन की सफलता का वास्तविक पैमाना है।

एक शिकायत से 80 से 85 परिवारों को मिली राहत

सीएम हेल्पलाइन 1076 की उपयोगिता का एक उदाहरण गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र से सामने आया। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ता श्री दमन साहू से सीधे बातचीत की।

 साहू ने बताया कि उनके गांव का ट्रांसफॉर्मर खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। इससे गांव के लगभग 80 से 85 परिवार प्रभावित हो रहे थे। स्थानीय स्तर पर समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई।

यह मामला बताता है कि समय पर दर्ज की गई शिकायत और उसकी प्रभावी निगरानी से एक व्यक्ति की समस्या के साथ-साथ पूरे गांव के अनेक परिवारों को राहत पहुंचाई जा सकती है।

सुशासन का लक्ष्य: शिकायत का समाधान और नागरिक की संतुष्टि

मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। सीएम हेल्पलाइन 1076 इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए, विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाया जाए और शिकायतकर्ताओं से नियमित फीडबैक लिया जाए।

सीएम हेल्पलाइन 1076 का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि नागरिकों को उनकी समस्याओं से वास्तविक मुक्ति दिलाना है। सरकार का जोर ऐसी व्यवस्था विकसित करने पर है, जिसमें आम लोगों की आवाज सीधे प्रशासन तक पहुंचे और उनकी समस्याओं का समाधान पारदर्शी तथा प्रभावी तरीके से हो।

About The Author