बिलासपुर में शाला प्रवेशोत्सव: नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर हुआ स्वागत, छात्राओं को मिली साइकिल
बिलासपुर। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज बिलासपुर के सेजेस लाल बहादुर शास्त्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर स्थित देवकीनंदन दीक्षित सभागार में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में हिस्सा लिया। इस अवसर पर नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिलों का वितरण भी किया गया।


बच्चों को पढ़ाई और संस्कार का दिया संदेश

मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को नए शिक्षा सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शाला प्रवेशोत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का उत्सव है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अच्छे संस्कार और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों से उन्होंने मन लगाकर पढ़ाई करने और परिवार, समाज, प्रदेश तथा देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
बेहतर शिक्षा के लिए सुविधाओं का हो रहा विस्तार

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार विद्यालयों में लगातार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है। स्कूलों में भवन, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम और समर्पण के साथ अध्ययन कर अपने सपनों को साकार करने का संदेश दिया।
विद्यालयों के सामाजिक ऑडिट पर जोर

विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि विद्यालयों का सामाजिक ऑडिट किया जाना चाहिए ताकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित हो सकें। उन्होंने कहा कि कोई भी विद्यालय शौचालयविहीन, जर्जर या अवैध कब्जे से प्रभावित नहीं होना चाहिए तथा स्कूलों का वातावरण बच्चों के सर्वांगीण विकास के अनुकूल होना चाहिए।
पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा सेवा के लिए सम्मान
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले बिल्हा शासकीय स्कूल के शिक्षक कलेश्वर साहू को सम्मानित किया गया। उन्होंने दो लाख सीड-बॉल तैयार कर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके अलावा निःशुल्क शैक्षणिक सहयोग देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों का भी सम्मान किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी अतिथियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

