जशपुर में बन रहा हाईटेक नालंदा परिसर, युवाओं को मिलेगी 24×7 स्मार्ट लाइब्रेरी और आधुनिक अध्ययन सुविधा

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित सलियाटोली में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से 250 सीटर अत्याधुनिक नालंदा परिसर का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। यह आधुनिक अध्ययन केंद्र विद्यार्थियों को तकनीक आधारित, गुणवत्तापूर्ण और शांत वातावरण में पढ़ाई की सुविधा प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने 21 जून 2025 को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमिपूजन किया था।

24 घंटे खुला रहेगा नालंदा परिसर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को उच्च गुणवत्ता वाली अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं। जशपुर जिला मुख्यालय के साथ कुनकुरी के सलियाटोली में भी आधुनिक परिसर तैयार किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों को विशाल पुस्तकालय, डिजिटल संसाधन और तकनीकी सुविधाओं से युक्त अध्ययन का बेहतर वातावरण मिलेगा। यह परिसर सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे विद्यार्थियों के लिए खुला रहेगा।

प्राकृतिक वातावरण में पढ़ाई की सुविधा

नालंदा परिसर में इंडोर और आउटडोर दोनों तरह के अध्ययन की व्यवस्था होगी। विद्यार्थियों के लिए प्राकृतिक वातावरण में विकसित ऑक्सी रीडिंग जोन भी बनाया जाएगा, जहां वे शांत माहौल में अध्ययन कर सकेंगे।

परिसर को पर्यावरण अनुकूल अवधारणा के तहत विकसित किया जा रहा है। यहां सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था, ऊर्जा दक्ष भवन डिजाइन तथा 50 से अधिक देशी प्रजाति के पौधों का रोपण किया जाएगा।

पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य और मनोरंजन की सुविधाएं

विद्यार्थियों की समग्र जरूरतों को ध्यान में रखते हुए परिसर में यूथ टावर, स्पोर्ट्स कोर्ट, कैफेटेरिया, एटीएम और हेल्थ जोन जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए इसे स्वायत्त एवं स्ववित्तपोषित संचालन मॉडल पर संचालित किया जाएगा।

50 हजार पुस्तकों वाली डिजिटल लाइब्रेरी

नालंदा परिसर की लाइब्रेरी में 50 हजार से अधिक पुस्तकें उपलब्ध होंगी। इसके अलावा हाई-स्पीड वाई-फाई, डिजिटल लाइब्रेरी, ई-लर्निंग संसाधन और प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष पुस्तकें भी विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध रहेंगी।

परिसर में आरएफआईडी आधारित प्रवेश प्रणाली, बायोमेट्रिक पहचान, पुस्तकों की आरएफआईडी ट्रैकिंग और आधुनिक सॉफ्टवेयर आधारित लाइब्रेरी प्रबंधन प्रणाली लागू की जाएगी।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बनेगा प्रमुख केंद्र

यह नालंदा परिसर जशपुर जिले के युवाओं को अपने ही जिले में महानगरों जैसी आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन मिलेंगे तथा उन्हें बाहर जाने की आवश्यकता भी कम होगी।

About The Author