बिलासपुर को विकास की नई सौगात: मंगला में 10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन
बिलासपुर। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर के मंगला स्थित माता चौरा में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं से मंगला और आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी और जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी भी उपस्थित रहे।

डबल इंजन सरकार ने विकास को दी नई रफ्तार

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार विकास को मिशन मोड में आगे बढ़ा रही हैं। डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से विकास कार्यों में तेजी आई है और अब केवल भूमिपूजन ही नहीं, बल्कि समयबद्ध तरीके से परियोजनाओं का लोकार्पण भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में सड़क, रेल, पेयजल और शहरी अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। रेलवे विस्तार, स्टेशनों के आधुनिकीकरण और अन्य परियोजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों को मिल रहा है।
पेयजल और मूलभूत सुविधाओं को मिलेगी मजबूती
उप मुख्यमंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में बिलासपुर नगर निगम को 437 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शहर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, ताकि नागरिकों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े। सरकार जनता की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है।
मुक्तिधाम और सामुदायिक भवन के लिए बड़ी घोषणा

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मंगला मुक्तिधाम के विकास के लिए 50 लाख रुपये तथा सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम को विधायक सुशांत शुक्ला ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, दीपक सिंह, मोहित जायसवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सोमनाथ यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
