मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया कंगना रनौत का स्वागत, ‘भारत भाग्य विधाता’ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग में हुए शामिल 26/11 हमले के दौरान जान बचाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की बहादुरी को समर्पित है फिल्म
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव और सौभाग्य की बात है कि अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग प्रदेश में आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि माता कौशल्या की जन्मभूमि और भगवान श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ की धरती पर कंगना रनौत का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है।
मुख्यमंत्री साय ने फिल्म से जुड़े कलाकारों, तकनीकी विशेषज्ञों और पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह फिल्म उन अनसुने और अनदेखे नायकों की कहानी को सामने लाती है, जिनके असाधारण योगदान को अक्सर समाज में उचित पहचान नहीं मिल पाती।
26/11 हमले के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों की वीरता को किया सलाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2008 में मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमले के दौरान जब निर्दोष लोगों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाई जा रही थीं, तब अस्पतालों में कार्यरत नर्सों, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना सैकड़ों लोगों की जान बचाई। उन्होंने कहा कि ऐसे साहसी योद्धाओं की कहानियां अक्सर पर्दे के पीछे रह जाती हैं।
उन्होंने कंगना रनौत की सराहना करते हुए कहा कि एक नर्स की भूमिका निभाकर उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों के साहस, सेवा और समर्पण को देश के सामने लाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।
छत्तीसगढ़ के बेटे ने लिखी प्रेरणादायक कहानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया छत्तीसगढ़ की माटी के पुत्र हैं। उन्होंने यहीं जन्म लिया, यहीं शिक्षा प्राप्त की और बाद में मुंबई में रहते हुए इस प्रेरणादायक कहानी को आकार दिया। यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है कि प्रदेश का एक प्रतिभाशाली बेटा राष्ट्रीय स्तर पर ऐसी सार्थक फिल्म लेकर आया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने दिया फिल्म को नाम
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह भी अत्यंत गौरव का विषय है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस फिल्म को ‘भारत भाग्य विधाता’ नाम प्रदान किया है। यह नाम उन लोगों के सम्मान का प्रतीक है, जो निस्वार्थ भाव से समाज और राष्ट्र की सेवा करते हैं।
कंगना रनौत ने जताया आभार
कार्यक्रम में अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत ने कहा कि निर्देशक मनोज तापड़िया छत्तीसगढ़ के बेटे हैं और उनकी इच्छा थी कि फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग उनके गृहप्रदेश में आयोजित हो। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद उनकी उपस्थिति ने पूरी टीम का उत्साह बढ़ाया है।
‘भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स’ का हुआ सम्मान
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आपातकालीन परिस्थितियों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले ‘भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स’ को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में जागेश्वर कुमार धीवर, नारायण सिंह नायक, भुनेश्वरी तिवारी, रोहिणी वर्मा, उर्मिला भगत, रोशनी, विजय शंकर कश्यप, मीना सिंह, ममता कपूर, मीना शर्मा, जमुनाबाई, लक्ष्मी मेनन और विजया लक्ष्मी पिल्लई शामिल रहे।
कार्यक्रम में मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, लक्ष्मी वर्मा, रूपकुमारी चौधरी, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, फिल्म जगत से जुड़े कलाकार और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
‘भारत भाग्य विधाता’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि उन नायकों को श्रद्धांजलि है जिन्होंने संकट की घड़ी में मानवता की रक्षा के लिए अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखा।
