3 साल बाद भी अधूरा अमृत भारत स्टेशन: रायपुर समेत कई रेलवे स्टेशनों के पुनर्निर्माण में तेजी लाने की उठी मांग
रायपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत घोषित रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य में लगातार हो रही देरी को लेकर अब यात्रियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी है। राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन सहित बिलासपुर, भाटापारा, रायगढ़ और कोरबा रेलवे स्टेशनों के पुनर्निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने की मांग जोर पकड़ रही है।
करीब तीन वर्ष पहले अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इन स्टेशनों के आधुनिकीकरण और विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने की घोषणा की गई थी। हालांकि, लंबे समय बीत जाने के बाद भी कई स्थानों पर निर्माण कार्य अधूरा है या बेहद धीमी गति से चल रहा है।
यात्रियों को हो रही परेशानी
निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार के कारण यात्रियों को रोजाना असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। कई स्टेशनों पर अस्थायी व्यवस्थाओं के बीच आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को विशेष परेशानी हो रही है।
राजधानी रायपुर स्टेशन पर भी अधूरे इंतजाम
राजधानी रायपुर का रेलवे स्टेशन प्रदेश का सबसे व्यस्त स्टेशन होने के बावजूद पुनर्निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। यात्रियों का कहना है कि घोषणा के अनुरूप आधुनिक सुविधाएं अब तक उपलब्ध नहीं हो सकी हैं।
जल्द पूरा हो निर्माण कार्य
स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि रायपुर, बिलासपुर, भाटापारा, रायगढ़ और कोरबा रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य समय पर पूरा हो सके।
