रायपुर में दर्दनाक हादसा: सोलर पैनल लगाते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए दो युवक, मौके पर मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर के राधास्वामी नगर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में सोलर पैनल लगाने के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में मातम छा गया।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 10:30 बजे एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान काम के दौरान दोनों युवक पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गए। तेज करंट लगने से दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान आशीष चंद्राकर (20 वर्ष) और प्रमोद चंद्राकर (30 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों दुर्ग जिले के औंधी गांव के निवासी थे और काम के सिलसिले में रायपुर आए हुए थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन के बेहद करीब काम करने के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर विद्युत सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

About The Author