MP News: विंध्य-बुंदेलखंड को मिली रेल कनेक्टिविटी की सौगात, सतना-देवेन्द्र नगर और रीवा-चुरहट रेल लाइन का शुभारंभ

भोपाल। मध्यप्रदेश के विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअली सतना-देवेन्द्र नगर एवं रीवा-चुरहट रेल लाइन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही देवेन्द्र नगर-चुरहट ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर शुरू किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव धार जिले के सरदारपुर से वर्चुअल कार्यक्रम में शामिल हुए, जबकि नागौद और चुरहट रेलवे स्टेशन पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए गए।

विंध्य-बुंदेलखंड के लिए विकास की नई राह

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन विंध्य और बुंदेलखंड के लिए रेलवे की नई सौगात लेकर आया है। लगभग 541 किलोमीटर की परियोजना से क्षेत्र में रेल नेटवर्क का विस्तार होगा और लंबे समय से बेहतर रेल संपर्क की आवश्यकता महसूस कर रहे इलाकों को लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश को लगभग 1.50 लाख करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं का लाभ मिला है।

किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार होगा और माल परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

बेहतर रेल सेवाओं से विद्यार्थियों और आम नागरिकों को भी आवागमन के अधिक विकल्प मिलेंगे। यह परियोजना पन्ना, रीवा, सीधी, सिंगरौली और सतना सहित विंध्य एवं बुंदेलखंड के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर करने के साथ मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के बीच संपर्क को भी मजबूत करेगी।

औद्योगिक विकास और रोजगार की संभावनाएं

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि विंध्य और बुंदेलखंड के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही रेल कनेक्टिविटी की मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा और नए औद्योगिक कॉरिडोर विकसित होने की संभावनाएं बढ़ेंगी। चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

मध्यप्रदेश में रेलवे विस्तार पर जोर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में रेलवे नेटवर्क के विस्तार का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है और वंदे भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाएं संचालित हो रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग-खंडवा रेल लाइन का लोकार्पण शीघ्र किए जाने की योजना है।

केंद्रीय रेल मंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश में लगभग 1.50 लाख करोड़ रुपये के रेलवे प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। प्रदेश के विभिन्न रेलवे स्टेशनों के विकास और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी कार्य किए जा रहे हैं। खजुराहो और ग्वालियर सहित कई स्टेशनों पर विकास कार्य जारी हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मध्यप्रदेश में लंबी और छोटी दूरी की 100 से अधिक रेल सेवाएं शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। आने वाले वर्षों में कई मेमू ट्रेनें भी शुरू की जाएंगी।

नागौद और चुरहट में आयोजित हुए मुख्य कार्यक्रम

नागौद एवं चुरहट रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रमों में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, सतना सांसद गणेश सिंह, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा और सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार, जबलपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक के.के. तलरेजा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।

About The Author