Asian Games 2026: जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय महिला टीम
नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जापान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 57 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने यह लक्ष्य सिर्फ 5 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
शेफाली वर्मा ने छक्का लगाकर दिलाई जीत
57 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाई। गुणालन कमालिनी बिना खाता खोले आउट हुईं, जबकि भारती फुलमाली 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
इसके बाद शेफाली वर्मा और ऋचा घोष ने मोर्चा संभाला और भारत को आसानी से जीत तक पहुंचा दिया। शेफाली ने महज 15 गेंदों में नाबाद 40 रन की तूफानी पारी खेली और छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। ऋचा घोष 12 रन बनाकर नाबाद रहीं।
57 रन पर सिमटी जापान की टीम
टॉस जीतकर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसे भारतीय गेंदबाजों ने पूरी तरह सही साबित किया।
जापान की पूरी टीम 19.5 ओवर में 57 रन पर सिमट गई। अयाका कातो स्टैफर्ड ने 25 रन और हारुना इवासाकी ने 10 रन बनाए। इनके अलावा कोई बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सका।
भारत की ओर से श्री चरणी ने 4 विकेट झटके। शेफाली वर्मा ने 2 विकेट लिए, जबकि श्रेयांका पाटिल और दीप्ति शर्मा को 1-1 सफलता मिली।
20 सितंबर को बांग्लादेश से सेमीफाइनल
जापान को हराने के साथ ही भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब 20 सितंबर को भारत का सामना बांग्लादेश से होगा।
वहीं दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और श्रीलंका आमने-सामने होंगे। श्रीलंका ने क्वार्टर फाइनल में मलेशिया को 86 रन से हराया, जबकि पाकिस्तान ने थाईलैंड को 7 विकेट से शिकस्त देकर अंतिम-4 में प्रवेश किया।
भारत की नजर अब फाइनल पर
जापान के खिलाफ गेंद और बल्ले दोनों से दमदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ा होगा। अब टीम की नजर बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल जीतकर एशियन गेम्स के फाइनल में जगह बनाने पर होगी।
