सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, DA में 8% बढ़ोतरी पर बनी सहमति
नई दिल्ली। पंजाब के सरकारी कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सरकार ने कर्मचारियों के DA में 8 प्रतिशत बढ़ोतरी पर सहमति जताई है। इसके बाद कर्मचारियों का कुल DA 50 प्रतिशत हो जाएगा।
शुक्रवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान और कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी। बढ़ा हुआ DA दो किस्तों में 4-4 प्रतिशत के हिसाब से दिए जाने की बात कही गई है।
अक्टूबर से मिल सकता है बढ़े DA का लाभ
बैठक के बाद मंत्री अमन अरोड़ा ने बताया कि बढ़ा हुआ DA अक्टूबर से लागू किया जाएगा। ऐसे में कर्मचारियों को आगामी वेतन में इसका लाभ मिलने की संभावना है।
सरकार के इस फैसले से सरकारी खजाने पर करीब 248 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ने का अनुमान है।
पुरानी पेंशन और प्रोफेशनल टैक्स का मुद्दा भी उठा
बैठक में कर्मचारी यूनियनों ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने और हर महीने लगाए जाने वाले 200 रुपये के प्रोफेशनल टैक्स को खत्म करने की मांग भी रखी।
सरकार ने इन दोनों मुद्दों पर विचार करने का भरोसा दिया है। हालांकि, इन मांगों पर अंतिम फैसला बाद में लिया जाएगा।
वेतनमान समेत कई मांगों पर हुई चर्चा
कर्मचारी संगठनों ने बैठक में कई अन्य मांगें भी सरकार के सामने रखीं। इनमें—
- 2020 के बाद भर्ती कर्मचारियों के वेतनमान में सुधार
- प्रोबेशन पीरियड के दौरान वेतन से जुड़ी मांग
- कच्चे कर्मचारियों को भत्तों सहित वेतन देने
- कंप्यूटर शिक्षकों को विभाग में शामिल करने
- मिड-डे मील वर्करों का वेतन बढ़ाने की मांग
शामिल हैं।
सरकार की ओर से इन मांगों पर आगे बातचीत जारी रखने का भरोसा दिया गया है।
करीब दो सप्ताह बाद फिर होगी बैठक
कर्मचारी संगठनों और सरकार के बीच बातचीत का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। जानकारी के मुताबिक, करीब दो सप्ताह बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ कर्मचारियों की फिर बैठक होगी, जिसमें लंबित मांगों पर चर्चा की जा सकती है।
