IND vs AFG T20: श्रेयस अय्यर ने जीता दिल, ट्रॉफी सेलिब्रेशन में अफगान कप्तान इब्राहिम जादरान को किया शामिल
नई दिल्ली। भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर शानदार जीत दर्ज की। हालांकि, सीरीज जीत के बाद चर्चा सिर्फ भारतीय टीम के प्रदर्शन की नहीं, बल्कि कप्तान श्रेयस अय्यर की खेल भावना की भी हो रही है।
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान अय्यर ने अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान को ट्रॉफी सेलिब्रेशन में अपने साथ बुलाया। भारतीय खिलाड़ियों के साथ अफगान कप्तान को ट्रॉफी थामे देखकर मैदान पर मौजूद लोगों और क्रिकेट फैंस ने इस अंदाज की खूब सराहना की।
अय्यर ने जादरान को बुलाया ट्रॉफी सेलिब्रेशन में
भारतीय टीम को ‘फ्रेंडशिप कप’ की ट्रॉफी सौंपे जाने के बाद श्रेयस अय्यर ने इब्राहिम जादरान को अपने पास बुलाया। इसके बाद अफगान कप्तान भारतीय खिलाड़ियों के साथ ट्रॉफी फोटो का हिस्सा बने।
मैच में दोनों टीमें जीत के लिए आमने-सामने थीं, लेकिन मुकाबला खत्म होने के बाद अय्यर के इस कदम ने क्रिकेट की भावना और आपसी सम्मान की खूबसूरत मिसाल पेश की। ट्रॉफी सेलिब्रेशन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहे।
सुनील गावस्कर ने भी की अय्यर की तारीफ
कमेंट्री बॉक्स में मौजूद पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने भी श्रेयस अय्यर के इस व्यवहार की सराहना की। उन्होंने इसे खेल भावना और क्रिकेट की खूबसूरती से जोड़ते हुए विरोधी कप्तान को जीत की तस्वीर में शामिल करने के फैसले को खास बताया।
अभिषेक शर्मा बने सीरीज के हीरो
भारत की सीरीज जीत में युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का बल्ला जमकर चला। उन्होंने तीन मैचों में कुल 229 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा।
उनके आक्रामक प्रदर्शन के लिए अभिषेक को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। तीसरे टी20 में उन्होंने महज 30 गेंदों में शतक जड़कर मुकाबले को एकतरफा बना दिया।
भारत ने 3-0 से किया क्लीन स्वीप
तीन मैचों की सीरीज में भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को हर मुकाबले में शिकस्त दी। भारत ने पहले और दूसरे टी20 में 7 विकेट से जीत दर्ज की, जबकि तीसरे मुकाबले में 127 रन से बड़ी जीत हासिल की।
इब्राहिम जादरान की कप्तानी में उतरी अफगानिस्तान की टीम पूरी सीरीज में भारत को कड़ी चुनौती देने में नाकाम रही।
अय्यर ने याद दिलाई अजिंक्य रहाणे की पुरानी परंपरा
श्रेयस अय्यर का यह अंदाज साल 2018 की एक याद भी ताजा कर गया। अफगानिस्तान के टेस्ट डेब्यू के दौरान तत्कालीन भारतीय कप्तान अजिंक्य रहाणे ने भी अफगान टीम को भारतीय खिलाड़ियों के साथ ट्रॉफी फोटो में शामिल किया था।
करीब आठ साल बाद अय्यर ने इब्राहिम जादरान को ट्रॉफी सेलिब्रेशन में शामिल कर उसी परंपरा को आगे बढ़ाया। यही वजह है कि भारत की सीरीज जीत के साथ-साथ श्रेयस अय्यर की खेल भावना भी क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन गई है।
