नवा रायपुर में खुलेगा NMIMS का कैंपस, युवाओं को मिलेगी देश के बड़े शहरों जैसी उच्च शिक्षा की सुविधा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी पहल होने जा रही है। नवा रायपुर अटल नगर में NMIMS का नया कैंपस स्थापित होने से प्रदेश के विद्यार्थियों को देश के प्रमुख महानगरों की ओर जाने की आवश्यकता काफी हद तक कम होगी। वहीं देश के अलग-अलग हिस्सों से भी विद्यार्थी अध्ययन के लिए छत्तीसगढ़ आएंगे।
इससे नवा रायपुर में एक विविधतापूर्ण, आधुनिक और समृद्ध शैक्षणिक वातावरण विकसित होने की उम्मीद है।
शिक्षा के साथ रोजगार और कौशल विकास को भी मिलेगा बढ़ावा
NMIMS की स्थापना का लाभ केवल उच्च शिक्षा तक सीमित नहीं रहेगा। संस्थान के माध्यम से प्रदेश में कौशल विकास, रोजगार, नवाचार और उद्यमिता के नए अवसर भी विकसित होंगे।
विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से उद्योगों की बदलती जरूरतों के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी।
राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थान की मौजूदगी से अकादमिक और औद्योगिक क्षेत्र के बीच सहयोग की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव हासिल करने, नवाचार करने और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
इससे छत्तीसगढ़ में तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक और सेवा क्षेत्रों के लिए कुशल युवाओं की उपलब्धता भी बढ़ेगी।
नवा रायपुर बनेगा राष्ट्रीय स्तर का एजुकेशन और नॉलेज हब
राज्य सरकार नवा रायपुर अटल नगर को आधुनिक अधोसंरचना और बेहतर कनेक्टिविटी वाले शहर के साथ-साथ एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
NMIMS जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की स्थापना इस परिकल्पना को नई गति देगी। देश के विभिन्न राज्यों से विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं के नवा रायपुर आने से शहर के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक परिवेश का विस्तार होगा।
इसके साथ ही शिक्षा से जुड़ी सहायक गतिविधियों, सेवाओं और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होने की संभावना है। इससे नवा रायपुर की पहचान देश के उभरते हुए प्रमुख शिक्षा केंद्रों में और मजबूत होगी।
CM साय की युवा-केंद्रित नीति को मिलेगा बल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की युवा-केंद्रित विकास नीति में शिक्षा, कौशल, नवाचार और रोजगार को एक-दूसरे से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
NMIMS की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने के साथ छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है।
आने वाले वर्षों में यह संस्थान प्रदेश के हजारों युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ नवा रायपुर को राष्ट्रीय स्तर के शिक्षा, कौशल और ज्ञान केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
