Women’s ODI World Cup: भारतीय महिला टीम की ऐतिहासिक जीत को हुआ एक साल, हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में पहली बार बनी थी विश्व चैंपियन

मुंबई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए 2 नवंबर का दिन ऐतिहासिक उपलब्धि की याद दिलाता है। ठीक एक साल पहले 2 नवंबर 2025 को हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने पहली बार महिला वनडे विश्व कप का खिताब जीतकर इतिहास रचा था। नवी मुंबई में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर 52 साल का इंतजार खत्म किया था।

भारत और श्रीलंका में आयोजित हुआ था विश्व कप

महिला वनडे विश्व कप 2025 का 13वां संस्करण भारत और श्रीलंका की मेजबानी में आयोजित किया गया था। टूर्नामेंट के मुकाबले गुवाहाटी, इंदौर, नवी मुंबई, विशाखापट्टनम और कोलंबो में खेले गए थे। फाइनल में भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें आमने-सामने थीं।

शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा ने बल्ले से दिखाया दम

फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए। शेफाली वर्मा ने 78 गेंदों में शानदार 87 रन की पारी खेली। वहीं, दीप्ति शर्मा ने 58 रन बनाए। स्मृति मंधाना ने 45 रन और ऋचा घोष ने 24 गेंदों में 34 रन बनाकर भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

गेंदबाजी में भी शेफाली का शानदार प्रदर्शन

299 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 246 रन पर सिमट गई। शेफाली वर्मा ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी अहम योगदान दिया। उन्होंने लगातार दो ओवर में सुने लुस और मारिजाने कैप को आउट कर मुकाबले का रुख भारत की ओर मोड़ दिया।

दीप्ति शर्मा ने झटके पांच विकेट

दीप्ति शर्मा ने बल्ले से 58 रन बनाने के बाद गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया और पांच विकेट अपने नाम किए। उन्होंने दक्षिण अफ्रीकी कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट को भी आउट किया, जिन्होंने फाइनल में शतक लगाया था। वहीं, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने नादिन डी क्लार्क का शानदार कैच लेकर भारत की जीत सुनिश्चित की।

दीप्ति शर्मा बनीं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

पूरे विश्व कप में दीप्ति शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 विकेट हासिल किए और 200 से अधिक रन भी बनाए। उनके इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका की लॉरा वोल्वार्ड्ट ने 571 रन बनाकर एक विश्व कप संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।

भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय

2 नवंबर 2025 को मिली यह जीत भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास में एक नए युग की शुरुआत के रूप में याद की जाती है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी, शेफाली वर्मा की आक्रामक बल्लेबाजी और दीप्ति शर्मा के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन ने करोड़ों भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को ऐतिहासिक जश्न मनाने का मौका दिया। आज इस ऐतिहासिक जीत की पहली वर्षगांठ पर देशभर के क्रिकेट प्रशंसक उस गौरवशाली पल को याद कर रहे हैं।

About The Author