महासमुंद के खिलाड़ियों ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, निखिल यादव, प्रियंका ठाकुर और चांदनी साहू को मिला राज्य स्तरीय सम्मान
महासमुंद। जिले के खिलाड़ियों ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा के दम पर महासमुंद ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। राज्य खेल अलंकरण समारोह 2026 में जिले के खिलाड़ियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर जिला प्रशासन और खेल संगठनों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
पैरा एथलीट निखिल यादव को 1.50 लाख रुपये का सम्मान
महासमुंद के पैरा एथलीट निखिल यादव ने खेल के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया। उन्होंने 14वीं जूनियर नेशनल एवं सब-जूनियर पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया था। यह प्रतियोगिता 29 से 31 अगस्त 2025 तक ग्वालियर, मध्यप्रदेश में आयोजित हुई थी।
उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें 1.50 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई।
प्रियंका ठाकुर को मिला शहीद पंकज विक्रम सम्मान
महिला आरक्षक प्रियंका ठाकुर, जो थाना तुमगांव, जिला महासमुंद में पदस्थ हैं, ने पुलिस सेवा के साथ खेल के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
प्रियंका ठाकुर वर्ष 2016 से लगातार राष्ट्रीय सीनियर वुशु चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य के लिए दो कांस्य पदक हासिल किए हैं।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त 2026 के अवसर पर आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में शहीद पंकज विक्रम सम्मान वर्ष 2023-24 से सम्मानित किया गया।
महासमुंद की बेटी चांदनी साहू को मुख्यमंत्री ट्रॉफी
तीरंदाजी के क्षेत्र में महासमुंद की बेटी चांदनी साहू, पिता बलदेव साहू, ने भी जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्हें वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की सीनियर महिला टीम के लिए मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
चांदनी की इस उपलब्धि पर जिले के खेल प्रेमियों और तीरंदाजी से जुड़े खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों में खुशी का माहौल है।
कलेक्टर ने खिलाड़ियों और परिवारों से की मुलाकात
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने खेल अलंकरण प्राप्त खिलाड़ियों और उनके परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए खेल के क्षेत्र में इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
कलेक्टर ने जिले में खेल गतिविधियों के विकास और खेल अकादमी खोलने के प्रयास किए जाने की बात भी कही।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण महासमुंद के खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, निरंजन साहू, खिलाड़ियों के गुरुजन एवं पालक उपस्थित रहे।
खेल संगठनों ने दी बधाई
खिलाड़ियों के राज्य स्तरीय सम्मान पर राज्य पैरा एथलेटिक्स संघ के सचिव डीकेश टंडन, जिला पैरा स्पोर्ट्स संघ के सचिव तोरण यादव एवं पदाधिकारियों ने बधाई दी।
वहीं तीरंदाजी के क्षेत्र में चांदनी साहू की उपलब्धि पर डॉ. पूर्णेन्द्र चंद्राकर, जिला तीरंदाजी संघ बागबाहरा के अध्यक्ष डॉ. विकास अग्रवाल, सचिव एवं एनआईएस तीरंदाजी प्रशिक्षक एवन कुमार साहू, अरविंद छाबड़ा, रिंकल बग्गा, सोमनाथ साहू तथा बॉल आश्रम बिहाझर बागबाहरा के खिलाड़ियों और खेलो इंडिया तीरंदाजी सेंटर, एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग के खिलाड़ियों ने शुभकामनाएं दीं।
महासमुंद के इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का काम करेंगी।
