वाल्मीकि धाम में CM मोहन यादव ने किया छड़ी-पूजन, साधु-संतों से लिया आशीर्वाद; सामाजिक समरसता का दिया संदेश

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार सुबह उज्जैन स्थित श्री वाल्मीकि धाम सिद्धपीठ आश्रम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। उन्होंने अनंत श्री विभूषित 1008 स्वामी सोहनदास जी की समाधि एवं प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्री जाहरवीर गोगादेव के निशान ध्वज का विधि-विधान से छड़ी-पूजन भी किया। मुख्यमंत्री ने राज्यसभा सदस्य एवं बालयोगी संत श्री उमेशनाथ जी महाराज से भेंट कर उनका शुभाशीष प्राप्त किया।

अतीत के गौरव को पुनः स्थापित करने की जरूरत : CM

दर्शन-पूजन के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साधु-संतों के आशीर्वाद से देश की गौरवशाली परंपराओं और अतीत के वैभव को पुनः स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यसभा सदस्य महंत श्री उमेशनाथ जी महाराज ने वर्षों की साधना और प्रयासों से उज्जैन के वाल्मीकि धाम आश्रम को चैतन्य बनाने का कार्य किया है।

महर्षि वाल्मीकि और बाबा गोगा महाराज के आदर्शों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के आदर्श और उनके कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बाबा जाहरवीर गोगा महाराज के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपने आदर्शों और समाज के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में बाबा गोगा महाराज के ध्वज चिह्न निकलना हम सभी के लिए सौभाग्य का विषय है। इससे देशभर में सामाजिक समरसता, एकात्मता और भाईचारे का सकारात्मक संदेश पहुंचेगा।

प्रदेशवासियों को भुजरिया, जन्माष्टमी और गोगा नवमी की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को भुजरिया पर्व, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गोगा नवमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कामना की कि ये पावन पर्व प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और सामाजिक सौहार्द को और मजबूत करें।

कार्यक्रम में विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, श्री संजय अग्रवाल, उज्जैन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री मुकेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

About The Author