Bijapur Maoist Arrested: नक्सल डंप के साथ माओवादी गिरफ्तार, BGL लॉन्चर और विस्फोटकों का जखीरा बरामद
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को बासागुड़ा थाना क्षेत्र के पेगड़ापल्ली जंगल में सर्चिंग के दौरान पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने नक्सलियों के एक डंप का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षाबलों ने एक माओवादी को गिरफ्तार करने के साथ बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की है।
पेगड़ापल्ली जंगल में मिला नक्सल डंप
पुलिस और डीआरजी के जवानों द्वारा पेगड़ापल्ली जंगल में सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सुरक्षाबलों को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई सामग्री का डंप मिला।
बरामद सामग्री में BGL लॉन्चर के सेल, तीर बम, हैंड ग्रेनेड और जिंदा कारतूस समेत अन्य सामान शामिल हैं। पुलिस ने बरामद सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
नक्सलियों को हथियार और विस्फोटक पहुंचाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए माओवादी की पहचान बोगम लखमू के रूप में हुई है। उसके पास से नकदी भी बरामद की गई है।
बीजापुर एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चिन्नागेलूर DAKMS सदस्य के रूप में काम करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नक्सल संगठन के लिए सामग्री और विस्फोटक एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम करता था।
नक्सल नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई
बीजापुर में हुई इस कार्रवाई को सुरक्षाबलों के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार चलाए जा रहे सर्चिंग अभियानों के दौरान हथियार और विस्फोटक बरामद किए जा रहे हैं।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर नक्सल नेटवर्क और डंप से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
