Bangladesh Presidential Election: 35 साल बाद राष्ट्रपति चुनाव में सीधा मुकाबला, 349 सांसद करेंगे मतदान
ढाका। बांग्लादेश में 35 साल बाद राष्ट्रपति पद के लिए मुकाबला होने जा रहा है। देश में राष्ट्रपति का चुनाव जनता सीधे नहीं करती, बल्कि संसद के सदस्य मतदान के जरिए राष्ट्रपति का चुनाव करते हैं। इस बार संसद के कुल 349 सांसद मतदान कर सकेंगे।
राष्ट्रपति चुनाव में सत्तारूढ़ BNP के उम्मीदवार मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर और मुख्य विपक्षी पार्टी जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के गठबंधन के उम्मीदवार कर्नल (रिटायर्ड) ओली अहमद आमने-सामने हैं।
फरवरी में हुए आम चुनाव में BNP को संसद में दो-तिहाई बहुमत मिलने के कारण मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर की जीत की संभावना मजबूत मानी जा रही है।
दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगा मतदान
राष्ट्रपति चुनाव के लिए गुरुवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। सांसद राष्ट्रीय संसद के सत्र कक्ष में वोट डालेंगे।
मतदान शुरू होने से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन सांसदों को मतदान की प्रक्रिया समझाएंगे। चुनाव आयोग ने मतदान में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वोटों की गिनती का लाइव प्रसारण करने की भी व्यवस्था की है।
बैलेट पेपर में रिकॉर्ड के लिए एक हिस्सा और मतदान के लिए दूसरा हिस्सा होगा। सांसद को बैलेट पेपर प्राप्त करने से पहले निर्धारित स्थान पर अपना नाम लिखकर हस्ताक्षर करना होगा। इसके बाद पसंदीदा उम्मीदवार के नाम के सामने भी अपना नाम और हस्ताक्षर करना होगा।
1991 के बाद पहली बार राष्ट्रपति पद पर मुकाबला
बांग्लादेश में अब तक 12 राष्ट्रपति चुनाव हो चुके हैं। इनमें से 8 बार राष्ट्रपति निर्विरोध चुने गए।
संविधान लागू होने के बाद पहला राष्ट्रपति चुनाव 1974 में हुआ था, जिसमें सांसदों ने मतदान कर मोहम्मद मोहम्मदुल्लाह को राष्ट्रपति चुना था।
इसके बाद 1975 में संविधान संशोधन के जरिए राष्ट्रपति का चुनाव सीधे जनता से कराने की व्यवस्था की गई। इसके तहत 1978, 1981 और 1986 में जनता ने राष्ट्रपति का चुनाव किया।
हालांकि 1991 में संसदीय व्यवस्था दोबारा लागू होने के बाद राष्ट्रपति का चुनाव फिर सांसदों के जरिए होने लगा। उसी साल दो उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हुआ था।
इसके बाद 2023 तक हुए सभी राष्ट्रपति चुनाव निर्विरोध रहे। अब 1991 के बाद 35 साल में पहली बार राष्ट्रपति पद के लिए दो उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हो रहा है।
BNP सांसदों की बैठक, तारिक रहमान ने की अध्यक्षता
राष्ट्रपति चुनाव से पहले बुधवार को राष्ट्रीय संसद में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के सांसदों की बैठक हुई।
प्रधानमंत्री के डिप्टी प्रेस सेक्रेटरी जाहिदुल इस्लाम रोनी के अनुसार, बैठक दोपहर 4 बजे संसद में आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने की।
BNP के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर भी बैठक में मौजूद रहे।
