राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का रायपुर में भव्य स्वागत, बस्तर दशहरा और मुरिया दरबार में होंगी शामिल
रायपुर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के छत्तीसगढ़ आगमन पर स्वामी विवेकानंद विमानतल, रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की पावन धरा छत्तीसगढ़ की समस्त जनता की ओर से राष्ट्रपति का हार्दिक स्वागत किया।
बस्तर दशहरा और मुरिया दरबार में राष्ट्रपति की सहभागिता
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऐतिहासिक बस्तर दशहरा एवं मुरिया दरबार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की सहभागिता छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है। उनकी उपस्थिति से प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बस्तर दशहरा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं का महत्वपूर्ण प्रतीक है। ऐसे आयोजन प्रदेश की विशिष्ट पहचान को सामने लाते हैं।
विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को मिलेगी नई ऊर्जा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राष्ट्रपति की उपस्थिति प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणादायी है। इससे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं और स्थानीय गौरव को नई पहचान मिलने के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
