राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने माता हासी देवी जी के सम्मान में जारी किया 200 रुपये का स्मारक सिक्का, सिंधी समाज में खुशी की लहर
रायपुर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता साहिब हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे। पूज्य शदाणी दरबार रायपुर की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी जी की 200वीं जयंती के अवसर पर जारी यह सिक्का सिंधी समाज के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
माता हासी देवी जी की 200वीं जयंती पर विशेष सम्मान

भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा जारी इस स्मारक सिक्के के माध्यम से माता साहिब हासी देवी जी के आध्यात्मिक योगदान, विचारों और जीवन मूल्यों को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
सिंधी समाज की इस महान आध्यात्मिक विभूति के सम्मान में स्मारक सिक्का जारी होना देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी समुदाय के लोगों के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।
सिक्के पर अंकित है माता हासी देवी जी की छवि
भारत सरकार द्वारा जारी विशेष स्मारक सिक्के पर पूज्य माता हासी देवी जी की छवि अंकित है। सिक्के के एक ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है।
यह सिक्का माता हासी देवी जी के जीवन और आध्यात्मिक विरासत को सम्मान देने के साथ-साथ उनके योगदान को लंबे समय तक स्मरण रखने का माध्यम बनेगा।
श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक कर सकेंगे बुकिंग
स्मारक सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से इसकी बुकिंग कर सकेंगे। इससे माता हासी देवी जी के अनुयायियों और स्मारक सिक्के एकत्र करने के शौकीनों को इस विशेष सिक्के को प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने दिया स्वागत उद्बोधन
कार्यक्रम में पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू उपस्थित रहे।
इसके अलावा मुख्य सचिव श्री विकासशील, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, वरिष्ठ अधिकारी, शदाणी दरबार के सदस्य तथा देशभर से आए जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
