गुरु पूर्णिमा पर CM डॉ. मोहन यादव का संदेश: संतों की वाणी से मिलता है जीवन का सही मार्ग
पन्ना: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर पन्ना स्थित श्री जुगल किशोर मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि संतों की वाणी मानव जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जीवन में संस्कारों का होना अत्यंत आवश्यक है और भारतीय तीज-त्योहार भी मानव कल्याण तथा सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं।
मुख्यमंत्री ने श्रीधाम वृंदावन से पधारे श्री श्री 108 महंत स्वामी किशोरदास जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा देशभर से आए श्रद्धालुओं का स्वागत किया। उन्होंने संतों के मार्गदर्शन को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
पन्ना को बताया वृंदावन का लघु स्वरूप
डॉ. यादव ने कहा कि पन्ना की पावन धरा वृंदावन का लघु स्वरूप है, जबकि ओरछा को बुंदेलखंड की अयोध्या के रूप में मान्यता प्राप्त है। उन्होंने गौसेवा को बढ़ावा देने, सभी धर्मों के पर्वों को मिल-जुलकर मनाने और भगवान श्रीराम तथा भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े धार्मिक स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित करने की बात कही।
गीता भवन और पुस्तकालय की होगी स्थापना
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में गीता भवन और पुस्तकालय स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार वृंदावन ग्राम की अवधारणा को भी तेजी से आगे बढ़ा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान में सीएम राइज स्कूल अब सांदीपनि विद्यालय के नाम से संचालित किए जा रहे हैं।
पन्ना में होगा संस्कृत विद्यालय और कथा उत्सव
मुख्यमंत्री ने कहा कि पन्ना में संस्कृत विद्यालय खोला जाएगा और प्रत्येक वर्ष तीन दिवसीय कथा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज को धर्मार्थ से आगे बढ़कर परमार्थ की भावना के साथ कार्य करना चाहिए।
सभी धर्मों के लिए एक कानून की बात दोहराई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में सभी धर्मों के लिए समान कानून लागू करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सर्वधर्म समभाव की भावना के साथ मध्यप्रदेश विकास और सामाजिक समरसता के पथ पर अग्रसर है।
भगवान श्री जुगल किशोर के किए दर्शन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान श्री जुगल किशोर के दर्शन एवं विधिवत पूजन-अर्चन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विधायक अरविंद पटेरिया, पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
