CM कैंप कार्यालय की त्वरित पहल रंग लाई, जशपुर के छात्रावास में बहाल हुई बिजली

जशपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में संचालित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित पहल से जशपुर जिले के विकासखंड कांसाबेल के ग्राम दोकड़ा स्थित शासकीय बालक प्री एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में विद्युत आपूर्ति फिर से सुचारु हो गई है। ट्रांसफार्मर खराब होने से कई दिनों से बाधित बिजली व्यवस्था बहाल होने के बाद छात्रावास के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है।

जानकारी के अनुसार, छात्रावास अधीक्षक ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय को आवेदन देकर बताया था कि छात्रावास के पास लगा ट्रांसफार्मर खराब हो गया है, जिसके कारण पूरे परिसर की बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी और छात्रावास के दैनिक संचालन में भी कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने तत्काल विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खराब ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया। इसके बाद छात्रावास में बिजली आपूर्ति फिर से सामान्य हो गई।

बिजली बहाल होने के बाद छात्रावास के विद्यार्थियों और अधीक्षक ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से उनकी सबसे बड़ी समस्या का समाधान हो गया और अब छात्र बेहतर वातावरण में नियमित रूप से पढ़ाई कर सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था को लगातार प्रभावी बनाया जा रहा है। बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है, जिससे लोगों को समय पर राहत मिल रही है और शासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हो रहा है।

About The Author