रायपुर में भीषण आग: एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल बिल्डिंग धधकी, 15 दमकल गाड़ियां जुटीं

रायपुर। राजधानी रायपुर के व्यस्ततम कारोबारी क्षेत्र एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल की बिल्डिंग में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में भवन की दूसरी और तीसरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता को देखते हुए मौके पर 15 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात की गई हैं और राहत-बचाव कार्य लगातार जारी है।

धुएं के गुबार से दहला पूरा इलाका

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगते ही भवन से काले धुएं का घना गुबार उठने लगा, जिससे आसपास के व्यापारिक प्रतिष्ठानों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने आसपास की दुकानों और भवनों को खाली करा दिया।

आग तक पहुंचने के लिए तोड़ना पड़ा भवन का हिस्सा

दमकल कर्मियों को आग के मुख्य केंद्र तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जेसीबी मशीन की मदद से भवन और दुकान के कुछ हिस्सों को तोड़ा गया, ताकि अंदर तक पहुंचकर आग पर काबू पाया जा सके।

कई घंटों से जारी है राहत-बचाव अभियान

फायर विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार मौके पर डटी हुई हैं। आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अभी तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन करोड़ों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

आग लगने का कारण अब तक स्पष्ट नहीं

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग पर काबू पाने के बाद फायर विभाग और प्रशासनिक अधिकारी विस्तृत जांच करेंगे, जिसके बाद ही आग की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

About The Author