4 महीने से नहीं आया बिजली बिल! खैरागढ़ के किसान ने सोलर पैनल से बदली किस्मत, हर महीने बचा रहे 1500 रुपये

खैरागढ़। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण परिवारों के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रही है। खैरागढ़ जिले के ग्राम बेन्द्रिडीह निवासी सतेंद्र कुमार इस योजना का लाभ लेकर न केवल अपने घर का बिजली बिल शून्य कर चुके हैं, बल्कि अतिरिक्त बिजली उत्पादन कर उसे ग्रिड में भेजकर भी फायदा उठा रहे हैं।

भीषण गर्मी के इस मौसम में जहां अधिकांश परिवार बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान हैं, वहीं सतेंद्र कुमार के घर का बिजली बिल पिछले चार महीनों से लगातार शून्य आ रहा है। पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल औसतन 1500 रुपये तक पहुंच जाता था। गर्मी के दिनों में कूलर, पंखे और अन्य विद्युत उपकरणों के अधिक उपयोग के कारण खर्च और बढ़ जाता था, जिससे घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ता था।

सतेंद्र कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत घर की छत पर सोलर पैनल लगवाने के बाद उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है। अब उनके घर की पूरी बिजली जरूरत सौर ऊर्जा से पूरी हो रही है। यही नहीं, जरूरत से ज्यादा बिजली का उत्पादन होने पर वह ग्रिड में भी भेजी जा रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले महीने उनके सोलर सिस्टम ने कुल 478 यूनिट बिजली का उत्पादन किया, जिसमें से 376 यूनिट बिजली ग्रिड को एक्सपोर्ट की गई। नेट मीटरिंग व्यवस्था के जरिए उन्हें इसका सीधा लाभ मिल रहा है।

सतेंद्र कुमार का कहना है कि यह योजना केवल बिजली बिल से राहत नहीं देती, बल्कि स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने का भी एक बेहतरीन माध्यम है। उन्होंने क्षेत्र के अन्य ग्रामीणों से भी इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है ताकि वे भी बिजली खर्च में बचत कर सकें और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र परिवारों को घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से सब्सिडी प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य आम नागरिकों को सस्ती, स्वच्छ और आत्मनिर्भर ऊर्जा उपलब्ध कराना है। ग्राम बेन्द्रिडीह के सतेंद्र कुमार की सफलता इस योजना की जमीनी प्रभावशीलता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।

About The Author