राज्यपाल रमेन डेका को मिला विशेष आमंत्रण, गोंड समाज के स्वर्ण जयंती समारोह में होंगे मुख्य अतिथि धमतरी के गोड़ खपरी में श्रमदान से बनी सिंचाई परियोजना के 50 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होगा भव्य गोल्डन जुबली कार्यक्रम
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका से आज लोकभवन में अखिल भारतीय गोंड़वाना गोंड़ महासभा के राष्ट्रीय सचिव आर.एन. ध्रुव के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने राज्यपाल को धमतरी जिले के ग्राम गोड़ खपरी में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक गोल्डन जुबली समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि ग्राम गोड़ खपरी में ग्रामीणों के श्रमदान और सामूहिक प्रयासों से निर्मित सिंचाई परियोजना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य स्वर्ण जयंती समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह परियोजना ग्रामीण एकजुटता, आत्मनिर्भरता और सामुदायिक विकास का प्रेरणादायी उदाहरण मानी जाती है।
राज्यपाल ने समाज के प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए ग्रामीणों द्वारा किए गए इस उल्लेखनीय कार्य की सराहना की और सामुदायिक सहभागिता से विकास की ऐसी पहलों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर एस.पी. ध्रुव, नारायण ध्रुव तथा रामनरेश भी उपस्थित रहे।
