किरंदुल को मिली विकास की बड़ी सौगात: उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 7.19 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन नगर पालिका की मांग पर 3.72 करोड़ के कार्य स्वीकृत, नए विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपए देने की घोषणा

किरंदुल। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने अपने चार दिवसीय बस्तर प्रवास के तीसरे दिन किरंदुल को विकास की कई बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने नगर में 7 करोड़ 19 लाख रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने ऑक्सीजोन पार्क में बस्तर के प्रसिद्ध ‘टाइगर बॉय’ चेंदरू की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

कार्यक्रम में विधायक चौतराम अटामी, छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

ऑक्सीजोन पार्क का लोकार्पण, स्वच्छता के लिए मिली आधुनिक मशीनें

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जिला खनिज न्यास निधि (DMF) से 3.26 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विकसित ऑक्सीजोन पार्क का लोकार्पण किया। उन्होंने नगर पालिका को बैक हो लोडर मशीन, सक्शन मशीन सह मेला टैंकर, ट्रैक्टर इंजन और पानी टैंकर भी सौंपे।

उन्होंने कहा कि इन संसाधनों से शहर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। ऑक्सीजोन पार्क को उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और मनोरंजन का महत्वपूर्ण केंद्र बताया।

सड़कों, नालों और मुक्तिधाम निर्माण कार्यों का भूमिपूजन

साव ने विभिन्न वार्डों में सीसी रोड निर्माण, नाला निर्माण और मुक्तिधाम विकास कार्यों का भूमिपूजन करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से नगर की आधारभूत सुविधाओं में बड़ा सुधार आएगा और नागरिकों को बेहतर आवागमन एवं स्वच्छ वातावरण मिलेगा।

विकास कार्यों के लिए करोड़ों की नई घोषणाएं

उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कई नई घोषणाएं भी कीं—

बस पार्किंग एवं स्टेज-स्टैंड क्षेत्र में सीसी रोड और विद्युत व्यवस्था के लिए 1.58 करोड़ रुपए स्वीकृत।
अतिरिक्त 27 लाख रुपए की सीसी रोड निर्माण स्वीकृति।
नगर पालिका के 3.72 करोड़ रुपए के प्रस्तावित विकास कार्यों को मंजूरी।
नए विकास कार्यों के लिए अलग से 2 करोड़ रुपए देने की घोषणा।
पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में पहल

अरुण साव ने मलंगीर जलप्रपात से किरंदुल और बचेली तक पेयजल आपूर्ति की संभावनाओं पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि तकनीकी और व्यवहारिक पहलुओं का परीक्षण कर क्षेत्र के लिए स्थायी और प्रभावी पेयजल व्यवस्था विकसित की जाएगी।

“विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार कर रही सरकार”

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में किरंदुल नगर पालिका क्षेत्र में 16.43 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत और संचालित किए गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शहरी अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है।

प्राकृतिक सुंदरता और विकास का संतुलन

किरंदुल की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए अरुण साव ने कहा कि बैलाडीला पर्वतमालाओं की गोद में बसा यह नगर प्रदेश के सबसे सुंदर शहरों में से एक है। सरकार विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर किरंदुल को आधुनिक और आदर्श नगर के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह, बचेली नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल, दंतेवाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author