प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली सुहानो की जिंदगी: कच्चे मकान से पक्के घर तक का सपना हुआ साकार
सूरजपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) गरीब परिवारों के जीवन में खुशियां और सुरक्षा लेकर आ रही है। जनपद पंचायत प्रेमनगर की ग्राम पंचायत पार्वतीपुर इसका जीवंत उदाहरण बनकर सामने आई है, जहां हर वर्ष दर्जनों परिवारों को पक्के मकान का लाभ मिल रहा है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते पार्वतीपुर आज ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल संचालन का आदर्श मॉडल बन गया है।
जनपद मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित पार्वतीपुर सामाजिक समरसता का प्रतीक गांव है, जहां विभिन्न वर्गों और समुदायों के लोग आपसी सौहार्द के साथ निवास करते हैं। शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से यहां लोगों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है।
हर साल 60 परिवारों का पूरा हो रहा पक्के घर का सपना
ग्राम पंचायत पार्वतीपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत प्रतिवर्ष लगभग 55 से 60 आवासों का निर्माण पूरा कराया जाता है। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पंचायत स्तर के कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ तेजी से पहुंच रहा है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, विकासखंड समन्वयक, तकनीकी सहायक, सरपंच, सचिव और ग्राम रोजगार सहायकों की सक्रिय भूमिका से आवास निर्माण कार्यों में उल्लेखनीय सफलता मिली है।
सुहानो की कहानी बनी प्रेरणा
ग्राम पंचायत पार्वतीपुर की निवासी सुहानो के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना किसी वरदान से कम नहीं रही। खेती-किसानी पर निर्भर उनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी और वे एक जर्जर कच्चे मकान में रहने को मजबूर थे।
बरसात के मौसम में छत से पानी टपकता था और परिवार के सामने हर साल सुरक्षा की चिंता बनी रहती थी। बच्चों के लिए भी घर का वातावरण सुरक्षित नहीं था।
सुहानो बताती हैं कि एक मजबूत और सुरक्षित घर का सपना उन्होंने वर्षों से देखा था, लेकिन सीमित आय के कारण यह सपना पूरा नहीं हो पा रहा था। वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत उन्हें आवास की स्वीकृति मिली और शासन से मिली सहायता के जरिए उनका पक्का घर बनकर तैयार हो गया।
“अब बरसात का डर नहीं, बच्चों को मिला सुरक्षित भविष्य”
अपने नए घर में रहने की खुशी जाहिर करते हुए सुहानो कहती हैं,
“पहले बरसात आते ही चिंता बढ़ जाती थी। छत से पानी टपकता था और बच्चों की सुरक्षा की चिंता रहती थी। अब पक्का घर मिलने के बाद किसी तरह की परेशानी नहीं होती। बच्चों को बेहतर माहौल मिला है और मैं खुद को पहले से ज्यादा सुरक्षित महसूस करती हूं। प्रधानमंत्री आवास योजना ने हमारे परिवार का जीवन बदल दिया है।”
ग्रामीण विकास का आदर्श बन रहा पार्वतीपुर
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से पार्वतीपुर में गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। सुरक्षित आवास मिलने से लोगों का आत्मविश्वास बढ़ा है और उनका जीवन अधिक सम्मानजनक बना है।
आज पार्वतीपुर केवल एक ग्राम पंचायत नहीं, बल्कि यह इस बात का उदाहरण है कि सरकार की योजनाएं जब सही पात्रों तक पहुंचती हैं तो वे लोगों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन ला सकती हैं।
