राजनांदगांव में आईपीएल क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पांच आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। थाना बसंतपुर एवं साइबर सेल राजनांदगांव की संयुक्त टीम ने आईपीएल क्रिकेट सट्टे के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार किया है। मोहरा नाला के पास संचालित हाईटेक ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो फरार हैं। मौके से दो लैपटॉप, एक टैब, सात मोबाइल, मोटरसाइकिल सहित लगभग 5.50 लाख रुपये के माल की जप्ती की गई। हर गेंद और ओवर पर लाखों रुपये का दांव लगाया जा रहा था। आरोपियों के विरुद्ध संगठित अपराध की धारा 112 बीएनएस भी जोड़ी गई है।

पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरो की निगरानी में साइबर सेल एवं थाना बसंतपुर की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने विभिन्न टीमों का गठन कर चिन्हांकित सटोरियों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।

पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहारा (बजरंग नगर) नाला किनारे स्थित फार्महाउस में हाईटेक व्यवस्था के साथ ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। जांच में पाया गया कि आरोपी मोबाइल, लैपटॉप एवं सॉफ्टवेयर के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। “सांई ऐप” के जरिए हर बॉल और ओवर पर दांव लगवाया जा रहा था तथा कोड भाषा में सट्टा लेखन कर हिसाब-किताब रखा जा रहा था।

जप्ती में दो लैपटॉप, एक टैब, सात टच मोबाइल, एक मोटरसाइकिल, तीन चार्जर, 1,000 रुपये नगद तथा सट्टा पट्टी में दर्ज लगभग 9,20,000 रुपये शामिल हैं। कुल जप्ती की अनुमानित कीमत लगभग 5,50,000 रुपये है।

आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7, 8, भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं धारा 112 (संगठित अपराध) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में वीरू प्रजापति (24 वर्ष), रूपेश पाण्डे (43 वर्ष), आयुष मेश्राम (24 वर्ष), मोहित देवांगन (23 वर्ष) और लक्की देवांगन उर्फ नरेन्द्र देवांगन (32 वर्ष) शामिल हैं। सभी मोहारा एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं। फरार आरोपियों में मूलचंद देवांगन और सादिक खान (नागपुर, महाराष्ट्र) शामिल हैं।

राजनांदगांव पुलिस ने संदेश दिया है कि विभिन्न स्रोतों से प्राप्त नामजद सटोरियों की सूची के आधार पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में साइबर सेल से उप निरीक्षक नरेश बंजारे, आरक्षक मनीष वर्मा, जीवन ठाकुर, हरिश ठाकुर, धीरज डडसेना, मोहन साहू तथा थाना बसंतपुर से निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक नरेश सार्वा, म.प्र.आर. मेनका साहू, आरक्षक रूपेन्द्र वर्मा, राजेश बंदेश्वर, आशीष मानिकपुरी की सराहनीय भूमिका रही।

About The Author